“मां, अभी आ रहा हूं” कहकर नदी में कूदा था 17 साल का राहुल, अब घर न लौटने पर परिवार में मचा कोहराम

देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के रनियहवा गांव में रविवार दोपहर दोस्तों के साथ पुल से नदी में छलांग लगाने वाला 17 वर्षीय राहुल चौहान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 October 2026, 3:17 PM IST

Deoria: रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के रनियहवा उर्फ चिरई गोड़ा गांव में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब 17 वर्षीय राहुल चौहान दोस्तों के साथ पुल से नदी में छलांग लगाने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

दोस्तों के साथ नदी पर गया था राहुल 

बताया जा रहा है कि राहुल दोपहर के समय अपने मित्रों के साथ नदी की तरफ गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने पुल से पानी में छलांग लगाई, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक राहुल के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। नदी और आसपास के इलाकों में तलाश के बावजूद अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

यह भी पढ़ें - Deoria News: देवरिया में खाकी पर लगा दाग, थाने की हवालात में गांजा तस्कर की संदिग्‍ध मौत से मचा बवाल

'मां, मैं जल्द ही वापस आऊंगा...'

राहुल की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया, "मेरा लड़का मुझसे पूछकर गया था कि मां, अभी मैं आ रहा हूं। लेकिन जब से गया है, वापस नहीं आया। हम लोगों ने हर जगह तलाश करवा ली, लेकिन हमारे राहुल का अब तक पता नहीं चला।"

पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी जुटाते हुए राहुल की तलाश की कार्रवाई शुरू कर दी। घटना की खबर फैलते ही रनियहवा सहित आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

यह भी पढ़ें - Deoria: 25 हजार का इनामी गो-तस्करी आरोपी आखिर पुलिस के हाथ लगा, ऐसे हुई गिरफ्तारी

परिवार की निगाहें नदी पर टिकी 

राहुल के लापता होने को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और राहुल की तलाश को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों की निगाहें नदी की ओर टिकी हैं और पूरे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।

Location :  Deoria

Published :  4 October 2026, 3:17 PM IST