देवरिया के खुखूंद थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो दोस्तों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। गांव में मातम पसरा हुआ है।

सूरज गौड़ और अनुज गौड़ (Img Source: Google)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां सड़क हादसे में दो युवकों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। खुखूंद थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ीरार में रविवार रात हुए इस भीषण हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे एक ही बाइक पर सवार तीन दोस्त भलुअनी की ओर जा रहे थे। गांव से कुछ दूरी पर चुना फैक्ट्री के पास अचानक सड़क पर मवेशी आ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे उतरते हुए पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे का इलाज अभी जारी है।
मृतकों की पहचान खुखूंद थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ीरार निवासी सूरज गौड़ (24) पुत्र शेषनाथ गौड़ और अनुज गौड़ (19) पुत्र नागेंद्र गौड़ के रूप में हुई है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान प्रिंस गौड़ (19) पुत्र बालेश्वर के रूप में हुई है, जो फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।
बताया जा रहा है कि सूरज गौड़ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में जैसे ही हादसे की सूचना फैली, शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए, जहां चीख-पुकार और आंसुओं का माहौल देखने को मिला।
Deoria News: करोड़ों खर्च, फिर भी अधूरा मोहन सेतु, देवरिया में बड़ी लापरवाही; जनता परेशान
दो युवकों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। जिन दोस्तों के साथ वे रोजाना हंसी-खुशी वक्त बिताते थे, आज उन्हीं की अर्थी उठने की तैयारी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तीनों युवक बेहद मिलनसार थे और गांव में सभी से अच्छे संबंध रखते थे।
खुखूंद थाना प्रभारी दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की पुष्टि की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह सड़क पर अचानक मवेशी का आ जाना बताया जा रहा है।
Deoria News: देवरिया में मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी, 4 लाख से अधिक नाम हटे
इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में सड़क सुरक्षा और आवारा मवेशियों की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर घूमने वाले मवेशियों की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है।