Deoria: जबरन शारीरिक संबंध और साइबर केस में फरार आरोपी दबोचा गया

देवरिया के भलुअनी थाना क्षेत्र में दुष्कर्म और साइबर अपराध के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से मोबाइल भी बरामद हुआ है। पीड़िता पर फर्जी फेसबुक आईडी, अश्लील फोटो वायरल और धमकी देने के गंभीर आरोप हैं।

Updated : 29 May 2026, 5:06 PM IST
google-preferred

Deoria: जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भलुअनी थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिमन्यू निषाद पुत्र छेदी बिन्द, निवासी कटइलवा थाना बरहज, जनपद देवरिया, उम्र करीब 29 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी को भलुअनी थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में वांछित बताया गया था। पुलिस ने उसे गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर गिरफ्तार किया।

मामला कब और कैसे दर्ज हुआ

यह मामला 01 मई का है, जब पीड़िता द्वारा थाना भलुअनी में तहरीरी सूचना दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्त अभिमन्यू निषाद ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके अलावा आरोपी पर गंभीर साइबर और धमकी से जुड़े आरोप भी लगाए गए थे। इस मामले में गिरफ्तारी 28 मई की रात मुखबिर की सूचना पर सोनाड़ी मोड़ के पास से की गई।

Deoria Clash News: देवरिया में लड़की को लेकर खूनी संघर्ष, कई घायल; जानिये क्यों हुआ बवाल

गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ केस

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0- 63/2026 दर्ज किया था। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 504, 506 के साथ-साथ एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)5 और आईटी एक्ट की धारा 67 भी शामिल की गई है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही थी।

सोशल मीडिया और धमकी के भी आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि अभियुक्त ने पीड़िता के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई और उसके अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किए। इसके बाद स्क्रीनशॉट व्हाट्सएप के जरिए पीड़िता को भेजे गए। साथ ही जाति सूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस टीम की भूमिका

गिरफ्तारी की कार्रवाई थाना भलुअनी पुलिस टीम द्वारा की गई। इस टीम में उपनिरीक्षक शरदेन्दु तिवारी, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल देवेन्द्र यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में की गई।

Deoria News: महंगाई और NEET Paper Leak पर ठेले पर बाइक लेकर उतरे समाजवादी कार्यकर्ता

उच्चाधिकारियों के निर्देशन में अभियान जारी

पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह गिरफ्तारी की गई।

आगे की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और मामले की विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है। बरामद मोबाइल फोन को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। मामले में डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

Location :  Deoria

Published :  29 May 2026, 5:03 PM IST

Advertisement