‘गोबर से पक रहा 170 बच्चों का खाना’ देवरिया के पिपरा चंद्रभान गांव ने पेश की कचरे से कंचन की मिसाल

देवरिया सदर के पिपरा चंद्रभान गांव में स्थापित 85 घन मीटर का गोवर्धन बायोगैस प्लांट 'कचरे से कंचन' की मिसाल पेश कर रहा है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 3 September 2026, 4:50 PM IST
google-preferred

Deoria: विकासखंड देवरिया सदर की ग्राम पंचायत पिपरा चंद्रभान में स्थापित 85 घन मीटर क्षमता का गोवर्धन बायोगैस प्लांट स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के तहत ‘कचरे से कंचन’ की अवधारणा को साकार कर रहा है। गौशाला में करीब 286 गोवंश से प्राप्त गोबर से बायोगैस और जैविक खाद तैयार की जा रही है।

विद्यालय में इसी गैस से बन रहा बच्चों का मिड-डे मील

प्लांट से उत्पादित बायोगैस पाइपलाइन के जरिए ग्राम पंचायत के कंपोजिट विद्यालय तक पहुंचाई जा रही है। यहां करीब 170 बच्चों के लिए मिड-डे मील इसी स्वच्छ ऊर्जा से तैयार किया जा रहा है। इससे खाना पकाने में सुविधा के साथ बच्चों में नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें - Deoria News: ‘मां-बाप ने भेजा था पढ़ने दर्द लेकर लौटा मासूम’! गुस्साए परिवार का सवाल बच्चों के साथ ऐसा क्यों?

गोबर की स्लरी से तैयार हो रही जैविक खाद

बायोगैस प्लांट से निकलने वाली स्लरी को सुखाकर जैविक खाद तैयार की जाती है, जिसे किसानों को पांच से आठ रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। खाद की बिक्री से किसानों को सस्ती जैविक खाद मिलने के साथ ग्राम पंचायत को अतिरिक्त आय भी हो रही है।

गैस और खाद की बिक्री से पंचायत को आय

विद्यालय द्वारा गैस के उपयोग के एवज में प्रतिदिन 80 रुपये का भुगतान किया जाता है। अब तक गैस की बिक्री से करीब 11,740 रुपये और जैविक खाद से करीब 14,301 रुपये की आय अर्जित की जा चुकी है। विभिन्न मदों को मिलाकर परियोजना से ग्राम पंचायत को करीब 46,241 रुपये की आय प्राप्त हुई है।

यह भी पढ़ें - Deoria News: गले से बहता खून और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल! जानिए क्यों देवर ने भाभी पर चला दिया चाकू

स्थानीय लोगों को मिला रोजगार का अवसर

प्लांट के संचालन के लिए स्थानीय स्तर पर ऑपरेटर की तैनाती की गई है। गौशाला कर्मी गोबर संग्रहण और साफ-सफाई में सहयोग करते हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं।

स्वच्छता, ऊर्जा और रोजगार का बना मॉडल

यह मॉडल गोबर और जैविक कचरे के वैज्ञानिक उपयोग के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, रोजगार और ग्राम पंचायत की आय को एक साथ जोड़ रहा है। पिपरा चंद्रभान की यह पहल अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायी मॉडल बनकर सामने आई है।

Location :  Deoria

Published :  3 September 2026, 4:49 PM IST

Related News

Advertisement