Deoria: इलाज के दौरान युवती की मौत पर बवाल, डॉक्टर पर मरीज को छोड़कर भागने का सनसनीखेज आरोप, जानें पूरा मामला

देवरिया के सीसी रोड स्थित न्यू अपोलो हॉस्पिटल में मंगलवार रात 23 वर्षीय युवती की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही और मरीज को छोड़ने का आरोप है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 October 2026, 10:39 AM IST

Deoria: देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र के सीसी रोड स्थित न्यू अपोलो हॉस्पिटल में मंगलवार की रात एक 23 वर्षीय युवती की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया और परिजनों ने चिकित्सा प्रबंधन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है।

डॉक्टरों पर अनदेखी और लापरवाही का आरोप

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार,  मृतक युवती के परिजनों का कहना है कि अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। आरोप है कि ऐसी नाजुक स्थिति में भी डॉक्टर मरीज को मौके पर छोड़कर चले गए। परिजनों ने बार-बार डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ से गुहार लगाई, लेकिन उनकी शिकायतों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। समय पर उचित चिकित्सा सुविधा न मिलने के कारण युवती की कुछ ही देर में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई और रोते-बिलखते परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग भी भारी संख्या में अस्पताल के बाहर जमा हो गए।

ट्रंप जूनियर की शादी में किसने उठाया लाखों डॉलर का खर्च? रूसी अरबपति ने खुद खोला राज

पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और जांच का आश्वासन

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और उग्र परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है। परिजनों की तरफ से लिखित तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, अस्पताल प्रबंधन ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है और इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही से साफ इनकार किया है।

Gorakhpur: बातचीत के दौरान विवाद, हिस्ट्रीशीटर को मारी गोली; आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए 5 टीमें गठित

निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर उठे बड़े सवाल

इस दर्दनाक घटना ने देवरिया शहर में धड़ल्ले से संचालित हो रहे निजी नर्सिंग होम और अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। शहर के विभिन्न हिस्सों में बिना पुख्ता निगरानी के चल रहे इन निजी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों से मनमाने दाम वसूले जाने की शिकायतें आम बात हो चुकी हैं। गंभीर मरीजों के तीमारदार इलाज के नाम पर आर्थिक और मानसिक शोषण का शिकार हो रहे हैं।

Location :  Deoria

Published :  7 October 2026, 10:39 AM IST