Deoria: राष्ट्रीय राजमार्ग पर टैंकरों का अतिक्रमण, राहगीरों की जान जोखिम में; पेट्रोलियम डिपो प्रबंधन पर उठे सवाल

देवरिया के बैतालपुर स्थित पेट्रोलियम डिपो के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े सैकड़ों टैंकरों से जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने डिपो प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से अलग पार्किंग व्यवस्था और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 July 2026, 1:19 PM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के बैतालपुर ब्लॉक स्थित विभिन्न पेट्रोलियम कंपनियों के डिपो के बाहर सैकड़ों की संख्या में खड़े टैंकर अब स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गए हैं। भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के डिपो से पूर्वांचल के कई जनपदों में पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति होती है, लेकिन टैंकरों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था न होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही उनका जमावड़ा लग जाता है।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ रही अव्यवस्था

देवरिया–गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर घंटों तक खड़े रहने वाले टैंकरों के कारण भारी वाहनों, स्कूली बच्चों, एम्बुलेंस, किसानों और आम यात्रियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि कई चालक टैंकरों को सड़क के बीच तक खड़ा कर देते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन यहां छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

Deoria: रुद्रपुर में कदम रखते ही SDM राजकुमार गुप्ता के सामने खड़ी हुईं दो बड़ी चुनौतियां, क्या पीड़ितों को दिला पाएंगे हक?

डिपो प्रबंधन की व्यवस्था पर उठे सवाल

सबसे बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों रुपये के कारोबार वाले इन पेट्रोलियम डिपो के बावजूद टैंकरों के लिए अब तक अलग अस्थायी पार्किंग या प्रतीक्षालय की व्यवस्था क्यों नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि डिपो प्रबंधन की लापरवाही के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर अराजक स्थिति बनी हुई है, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।

Deoria: मां-बाप का इकलौता सहारा था युवक, यूक्रेन में रूसी हमले का बना शिकार

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

यह पूरा क्षेत्र गौरी बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, पुलिस विभाग और संबंधित पेट्रोलियम कंपनियों के महाप्रबंधकों से मांग की है कि टैंकरों की पार्किंग के लिए तत्काल अलग व्यवस्था कराई जाए तथा सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को जाम और दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिल सके।

Location :  Deoria

Published :  23 July 2026, 1:14 PM IST