पहले विवाद और फिर पुलिस एक्शन… हत्या के प्रयास मामले में मुख्य आरोपी को दबोचा गया, जानिए देवरिया में क्यों मची हलचल?

देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जमीन विवाद में फायरिंग कर दहशत फैलाने के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से लाइसेंसी 315 बोर रायफल बरामद की गई है। मामले में पहले ही दो आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 27 January 2026, 6:25 PM IST

Deoria: जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गौरीबाजार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक लाइसेंसी रायफल 315 बोर भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चला अभियान

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण हेतु लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय के कुशल निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में थाना गौरीबाजार पुलिस ने यह कार्रवाई की।

Deoria News: देवरिया में दो अंतर्राज्यीय शराब तस्कर गिरफ्तार, लाखों की शराब बरामद

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

थाना गौरीबाजार पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0 32/2026 धारा 109(1), 115(2), 351(3), 352 बीएनएस, 7 सीएलए एक्ट एवं 30 आर्म्स एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्त अशोक पाण्डेय पुत्र विश्वनाथ पाण्डेय निवासी बांकी फुलवरिया थाना गौरीबाजार जनपद देवरिया को मंगलवार 27 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बैतालपुर कस्बा पूर्वी ढाला के पास से अभियुक्त को दबोचा।

लाइसेंसी रायफल 315 बोर बरामद

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त अशोक पाण्डेय के कब्जे से एक लाइसेंसी रायफल 315 बोर बरामद की। पुलिस का कहना है कि इसी रायफल से फायरिंग कर आमजन में दहशत फैलाने का आरोप है। बरामद हथियार को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

जमीनी विवाद बना घटना की वजह

पुलिस के अनुसार यह मामला जमीनी विवाद और निर्माण कार्य रोकने को लेकर सामने आया था। दिनांक 24 जनवरी 2026 को वादी वीरेन्द्र यादव निवासी बांकी फुलवरिया थाना गौरीबाजार जनपद देवरिया ने थाना गौरीबाजार पर तहरीर देकर बताया था कि अभियुक्त अशोक पाण्डेय एवं अन्य लोगों द्वारा गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से अभियुक्त ने अपनी लाइसेंसी रायफल 315 बोर से फायरिंग की, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

मामले में पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां

इस मामले में पुलिस पहले ही त्वरित कार्रवाई कर चुकी है। उक्त अभियोग में नामजद अन्य अभियुक्तगण अभिषेक पाण्डेय पुत्र अशोक पाण्डेय एवं विनोद पाण्डेय पुत्र विश्वनाथ पाण्डेय निवासी बांकी फुलवरिया थाना गौरीबाजार जनपद देवरिया को दिनांक 26 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब मुख्य आरोपी अशोक पाण्डेय की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में बड़ी सफलता हासिल की है।

Deoria News: करोड़ों खर्च, फिर भी अधूरा मोहन सेतु, देवरिया में बड़ी लापरवाही; जनता परेशान

अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख

इस कार्रवाई में थाना गौरीबाजार की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह, उप निरीक्षक महेन्द्र प्रताप चौधरी, सुरजीत कुमार, राहुल कुमार यादव एवं धर्मेन्द्र कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Location : 
  • Deoria

Published : 
  • 27 January 2026, 6:25 PM IST