
सड़क किनारे कूड़े का ढेर (Img: Dynamite News)
Deoria: नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में चिन्हित किए गए कूड़ा केंद्र सफाई व्यवस्था की बजाय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनते नजर आ रहे हैं। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और इन ढेरों के आसपास आवारा कुत्तों से लेकर मवेशियों तक के झुंड जमा रहते हैं। हालात यह हैं कि कई जगह पशु सड़क तक पहुंचकर रास्ता घेर लेते हैं, जिससे राहगीरों, यात्रियों, परीक्षार्थियों और मरीजों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, देवरिया मेडिकल कॉलेज के बगल से गुजरने वाले महारानी चंडिका मार्ग पर स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक दिखाई दे रही है। सड़क किनारे कूड़े का ढेर जमा होने के कारण आसपास गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। कूड़े के बीच भोजन की तलाश में आवारा पशुओं और कुत्तों के झुंड पहुंच जाते हैं, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति पैदा हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका के कूड़ा उठाने वाले मालवाहक वाहन नियमित और समय से कूड़ा नहीं उठाते। नतीजतन, कूड़ा केंद्रों पर लगातार कचरा जमा होता जाता है और कुछ ही समय में यह सड़क तक फैलने लगता है।
ये भी पढ़ें: प्यार का खौफनाक अंत: कासगंज में प्रेमी ने रची ऐसी खूनी साजिश, रुपये और जेवर के लालच में प्रेमिका की रेता गला
एक तरफ सरकार स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से शहरों और गांवों को स्वच्छ बनाने का अभियान चला रही है, वहीं दूसरी तरफ देवरिया शहर में कूड़ा निस्तारण की जमीनी तस्वीर अलग कहानी बयां कर रही है। कूड़ा केंद्रों पर लगे गंदगी के ढेर, दुर्गंध और आवारा पशुओं का जमावड़ा इस अभियान की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि जिस मार्ग से रोजाना मरीज, उनके तीमारदार, विद्यार्थी, परीक्षार्थी और आम राहगीर गुजरते हैं, उसी के किनारे कूड़े का ढेर और आवारा पशुओं का जमावड़ा बना हुआ है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
ये भी पढ़ें: Gonda: ‘चिकन क्यों बनाया?’, बस इतनी बात पर भड़का पति, पत्नी-बेटी को पीटा, 6 साल की बच्ची की मौत
नगर पालिका की सफाई व्यवस्था को लेकर अब यही सवाल उठ रहा है कि आखिर कूड़ा उठाने और उसके नियमित निस्तारण की व्यवस्था धरातल पर कितनी प्रभावी है? अगर कूड़ा समय से उठाया जाए और चिन्हित केंद्रों की नियमित सफाई हो तो सड़क तक कचरा फैलने और पशुओं के जमावड़े की स्थिति काफी हद तक रोकी जा सकती है।
Location : Deoria
Published : 25 September 2026, 11:59 AM IST
Topics : Deoria Deoria News Medical College Deoria News