
देवरिया में आकाशीय बिजली का कहर (Img: AI)
Deoria: एकौना थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर औराई में सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। परिषदीय जूनियर हाईस्कूल परिसर में पानी पीने गए कक्षा 8 के छात्र पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, नारायणपुर औराई स्थित जूनियर हाईस्कूल में पढ़ने वाला छात्र शिवम साहनी पुत्र स्वर्गीय अनिरुद्ध साहनी सोमवार दोपहर करीब 12:20 बजे विद्यालय परिसर में लगे हैंडपंप पर पानी पीने गया था। इसी दौरान अचानक तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी और शिवम उसकी चपेट में आ गया। बिजली गिरने से छात्र मौके पर ही बुरी तरह झुलस गया। तेज आवाज सुनकर विद्यालय और आसपास मौजूद लोग सहम गए।
यह भी पढ़ें - Deoria: 24 घंटे में दबोचा गया पॉक्सो एक्ट का आरोपी, एक सूचना ने बदल दिया पूरा खेल
हादसे की जानकारी मिलते ही शिवम के बाबा कोमल साहनी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल छात्र को रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने शिवम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे देवरिया स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल ट्रॉमा सेंटर में छात्र का इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि शिवम के पिता का काफी समय पहले निधन हो चुका है। उसकी मां नारायणपुर औराई जूनियर हाईस्कूल में रसोइया के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार को हरितालिका तीज व्रत होने के कारण वह अवकाश पर थीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें - Deoria News: देवरिया के थानों में सजा समाधान दिवस, 134 शिकायतों में से मौके पर ही इन मामलों का निपटारा
घटना के समय विद्यालय की प्रधानाध्यापक रीना यादव के भी अवकाश पर होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद स्कूल परिसर और पूरे गांव में मायूसी का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आकाशीय बिजली इतनी तेज आवाज के साथ गिरी कि आसपास के लोग डर गए। अचानक हुए इस हादसे ने एक परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। डॉक्टरों के अनुसार छात्र की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।
Location : Deoria
Published : 14 September 2026, 3:22 PM IST
Topics : Deoria News Ekona police lightning accident UP News