
रामलीला देखने जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
Deoria: जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। रामलीला देखने जा रहे एक बुजुर्ग और उनके दो पौत्र-पौत्री को तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, खुखुंदू थाना क्षेत्र के पतलापुर गांव निवासी रमाकांत यादव (66) की गोरखपुर-देवरिया-सलेमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुरैना चौराहे पर पान की दुकान है। सोमवार रात उनके पौत्र नैतिक और पौत्री नंदिनी रामलीला देखने की जिद कर रहे थे।
बच्चों की इच्छा पूरी करने के लिए रमाकांत यादव उन्हें रामलीला दिखाने चौराहे की तरफ लेकर जा रहे थे। तीनों साथ में निकले थे और बच्चों को रामलीला देखने की खुशी थी। इसी दौरान देवरिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर लगने से रमाकांत यादव और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने रमाकांत यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके पौत्र नैतिक और पौत्री नंदिनी की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों बच्चों का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
जिस दादा के साथ दोनों बच्चे रामलीला देखने निकले थे, उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बच्चों के घायल होने और बुजुर्ग की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
विशाखापत्तनम के HPCL प्लांट में जोरदार धमाके के बाद आगजनी, आसमान में छाया धुएं का गुबार
पुरैना चौराहे पर हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से हुई इस दुर्घटना में एक बुजुर्ग की जान चली गई, जबकि दो मासूम अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
Location : Deoria,
Published : 3 November 2026, 2:26 AM IST