
महिला ने देवरिया डीएम से लगाई गुहार (इमेज सोर्स-इंटरनेट)
Deoria: विदेश में जहाज पर तैनात एक नाविक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना-पत्र सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता रंजना चौहान, पत्नी स्वर्गीय राकेश चौहान ने आरोप लगाया है कि उनके पति का चयन विदेश में जहाज पर नाविक के पद के लिए हुआ था। भारत सरकार के मेडिकल बोर्ड द्वारा राकेश चौहान को पूरी तरह स्वस्थ घोषित किए जाने के बाद 7 अक्टूबर 2025 को मुंबई स्थित मैरिटाइम सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से उन्हें एक पानी वाले जहाज पर फीटर के पद पर नियुक्त किया गया था।
रंजना चौहान का आरोप है कि जहाज पर तैनाती के दौरान उनके पति फोन पर उन्हें और संबंधित उच्च अधिकारियों को बताते थे कि उनके साथ शारीरिक शोषण और प्रताड़ना की जा रही है। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद कंपनी के अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
पीड़िता के अनुसार, 7 मई 2026 को उनके पति राकेश चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसकी सूचना बाद में परिजनों को मिली। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिस देश में उनके पति की मौत हुई, वहां के अधिकारियों ने परिजनों की अनुमति के बिना पोस्टमार्टम करा दिया। साथ ही सरकारी दस्तावेजों में कथित रूप से कूटरचित हस्ताक्षर किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
रंजना चौहान ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। उनका कहना है कि यदि किसी कंपनी, अधिकारी या अन्य व्यक्ति की लापरवाही या साजिश सामने आती है, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
पीड़िता ने भारत सरकार से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने और विदेश में हुई संदिग्ध मौत की सच्चाई सामने लाने की अपील की है। फिलहाल डीएम और एसपी को शिकायत सौंपे जाने के बाद पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद है।
Location : Deoria
Published : 5 July 2026, 5:48 AM IST