Deoria News: शौचालय कर्मियों ने खोला मोर्चा, मानदेय में अनियमितता की शिकायत

देवरिया के पथरदेवा ब्लॉक में सामुदायिक शौचालय कर्मियों ने मानदेय भुगतान में अनियमितता और आर्थिक शोषण का आरोप लगाया है। महिलाओं ने मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। पढ़े पूरी खबर

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 June 2026, 2:51 PM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के पथरदेवा विकास खंड में सामुदायिक शौचालयों पर कार्यरत महिला केयरटेकरों ने मानदेय भुगतान में अनियमितता के आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की है। समूह की अध्यक्ष संगीता मदेसिया के नेतृत्व में महिलाओं ने अपनी समस्याएं सामने रखते हुए पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

नियमित ड्यूटी के बावजूद समय पर नहीं मिलता मानदेय

समूह की अध्यक्ष संगीता मदेसिया का कहना है कि उनकी टीम की महिलाएं ग्राम सभाओं में संचालित सामुदायिक शौचालयों पर प्रतिदिन निर्धारित समय के अनुसार ड्यूटी करती हैं। साफ-सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने के बावजूद उन्हें मिलने वाला 6000 रुपये मासिक मानदेय समय पर नहीं दिया जाता। इससे महिलाओं को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पैसा निकालने के नाम पर खर्च मांगने का आरोप

महिलाओं ने आरोप लगाया है कि मानदेय की राशि निकालने के दौरान कुछ पदाधिकारियों द्वारा किराया, नाश्ता और अन्य खर्चों के नाम पर पैसे की मांग की जाती है। उनका कहना है कि पहले से ही कम मानदेय मिलने के बावजूद इस तरह का अतिरिक्त आर्थिक बोझ उन पर डाला जा रहा है।

महिलाओं ने सुनाई अपनी पीड़ा

सामुदायिक शौचालय केयरटेकर बिंदु देवी ने भी भुगतान में देरी और कथित अनियमितताओं की शिकायत की। उन्होंने कहा कि महिलाएं पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना कार्य कर रही हैं, लेकिन समय पर मानदेय न मिलने से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

जांच कर कार्रवाई की मांग

महिला कर्मियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी स्तर पर अनियमितता या आर्थिक शोषण पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि उन्हें केवल उनका निर्धारित मानदेय समय पर मिले और कार्य के अनुरूप सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

Location :  Deoria

Published :  22 June 2026, 2:51 PM IST