
संस्कृत महाविद्यालय में सीडीओ का औचक निरीक्षण (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को पांडेयचक (बरनई) स्थित श्री विजय राघव संस्कृत महाविद्यालय (परासुआ देवाश्रम) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय की व्यवस्था देखकर सीडीओ ने गहरी नाराजगी जताई और प्रथम दृष्टया इसे शासकीय धन के दुरुपयोग का मामला बताते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
सीडीओ ने बताया कि वह प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के लिए पांडेयचक गए थे। इसी दौरान पास में स्थित संस्कृत महाविद्यालय को देखकर वह वहां पहुंचे। निरीक्षण में महाविद्यालय में तीन छोटे-छोटे कमरे मिले, जिनमें पढ़ाई का कोई माहौल या आवश्यक फर्नीचर नहीं था। दो कमरे खुले थे, जबकि एक पर ताला लगा हुआ था।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय के छोटे से कमरे में एक व्यक्ति कुर्सी पर बैठकर मेज पर पैर रखे गहरी नींद में सोता मिला। सीडीओ ने बताया कि उन्होंने उसका वीडियो भी बनवाया। काफी देर तक आवाजाही के बावजूद उसे अधिकारियों के पहुंचने की भनक तक नहीं लगी।
सीडीओ ने कहा कि पूरे परिसर को देखकर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हुआ कि यहां कभी नियमित रूप से पठन-पाठन हुआ ही नहीं। उन्होंने तत्काल जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को निर्देश दिया कि जिले के ऐसे सभी संस्कृत महाविद्यालयों का अगले सप्ताह औचक निरीक्षण कराया जाए और जहां अनियमितताएं मिलें, वहां कठोर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए आवश्यक होने पर संस्थान को बंद कराने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
निरीक्षण के दौरान वर्ष 2023-24 की कार्ययोजना के तहत जिला पंचायत द्वारा निर्मित एक शौचालय भी मिला, जिस पर ताला लगा था। सीडीओ ने सवाल उठाया कि जब महाविद्यालय में छात्र ही नहीं हैं, तो वहां शौचालय निर्माण का औचित्य क्या था। उन्होंने अपर मुख्य अधिकारी (AMA), जिला पंचायत को भी इस निर्माण कार्य की जांच कर यह पता लगाने के निर्देश दिए कि सरकारी धन का व्यय किन परिस्थितियों में किया गया।
भीड़ में मोबाइल गायब और कुछ ही देर में बैंक अकाउंट खाली, ऐसे चलता था साइबर ठगों का खेल
सीडीओ ने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
Location : Deoria
Published : 31 July 2026, 3:16 PM IST
Topics : Deoria Administration Deoria News Government Fund Misuse Sanskrit Mahavidyalaya Exposed Uttar Pradesh News