कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ बोलने वाले भाजपा मंत्री विजय शाह को जेल भेजने की मांग, हापुड़ में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ भाजपा मंत्री विजय शाह ने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। जिसके बाद कांग्रेस ने हापुड़ में हंगामा किया। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज की खास रिपोर्ट

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 15 May 2025, 3:40 PM IST
google-preferred

हापुड़: भारतीय सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर भाजपा मंत्री विजय शाह की विवादित टिप्पणी के खिलाफ हापुड़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश त्यागी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देकर मंत्री की टिप्पणी की तीखी निंदा की और उप-जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार, धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मंत्री की यह टिप्पणी न सिर्फ महिला सम्मान के खिलाफ है, बल्कि उत्तर प्रदेश जैसे संवेदनशील राज्य की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है और मंत्री विजय शाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है।

मीडिया में प्रमुखता से उठ रहा मामला

जिला अध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा, "सेना की महिला अधिकारी के बारे में इस तरह की अभद्र टिप्पणी भाजपा की मानसिकता को दर्शाती है। यह देश की बेटियों का अपमान है और कांग्रेस इसे कभी सहन नहीं करेगी।" उन्होंने बताया कि उक्त टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और मीडिया में भी यह मामला प्रमुखता से उठाया जा रहा है।

इन लोगों ने किया प्रदर्शन

धरने में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इनमें शहर अध्यक्ष इरफान अहमद कुरैशी, पूर्व विधायक गजराज सिंह, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अरविंद शर्मा, पूर्व शहर अध्यक्ष अभिषेक गोयल और दिनेश शर्मा भी मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में मंत्री की टिप्पणी की आलोचना की और कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए, चाहे वह आम नागरिक हो या मंत्री।

विजय शाह को तुरंत बर्खास्त किया जाए

कार्यकर्ताओं ने जोर देकर कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी जैसी जांबाज अधिकारी पर की गई टिप्पणी उत्तर प्रदेश के लिए शर्मनाक है। इससे भाजपा की महिलाओं के प्रति सोच उजागर होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मंत्री के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेगी। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मांग की कि मंत्री विजय शाह को तुरंत बर्खास्त किया जाए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए। जिससे भविष्य में कोई जनप्रतिनिधि इस प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी करने का साहस न कर सके।

Location : 
  • Hapur

Published : 
  • 15 May 2025, 3:40 PM IST

Advertisement
Advertisement