Sonbhadra में इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने अस्पताल में किया बवाल

सोनभद्र के पंचशील अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। अस्पताल पर लापरवाही और अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 27 April 2026, 12:50 AM IST

Sonbhadra: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में एक अस्पताल के बाहर उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब इलाज के दौरान एक बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद परिजन भड़क उठे। आरोप है कि चार दिन तक इलाज के नाम पर भरोसा दिलाया जाता रहा, लेकिन हालत बिगड़ने पर अचानक रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही मरीज की मौत हो गई और इसके बाद गुस्साए परिजन शव लेकर अस्पताल लौटे और गेट पर रखकर जोरदार विरोध शुरू कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

चार दिन इलाज, फिर अचानक रेफर

मामला Panchsheel Hospital का है, जहां राजपुर-शाहगंज निवासी 60 वर्षीय रामविलास को 23 अप्रैल को पेट दर्द और बुखार की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक डॉक्टर लगातार यह भरोसा दिलाते रहे कि मरीज की हालत में सुधार हो रहा है। लेकिन चार दिन बाद अचानक दोपहर करीब 3 बजे उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया।

रास्ते में तोड़ा दम

परिजनों का कहना है कि जब मरीज को वाराणसी ले जाया जा रहा था, तो नारायणपुर पहुंचने से पहले ही रास्ते में रामविलास की मौत हो गई। इस खबर से परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजन शव को वापस अस्पताल लेकर पहुंचे और गेट पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

लापरवाही और अवैध वसूली के आरोप

मृतक के परिजन अरविंद का आरोप है कि “चार दिन तक अस्पताल में भर्ती रखा गया और बार-बार कहा गया कि मरीज ठीक हो जाएगा, लेकिन अचानक रेफर कर दिया गया।” वहीं मृतक की बहन कमली ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद अस्पताल ने एक लाख रुपये नकद वसूले और इलाज से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं दिया। एक अन्य परिजन रविंद्र ने बताया कि मरीज को पेट और लीवर की समस्या थी, लेकिन अस्पताल ने सही इलाज नहीं किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने विरोध किया तो अस्पताल के स्टाफ ने अभद्र व्यवहार किया और धमकी तक दी।

अस्पताल में हंगामा, पुलिस पहुंची मौके पर

घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जुट गई और माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अस्पताल प्रबंधन से भी पूछताछ की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Location :  Sonbhadra

Published :  27 April 2026, 12:50 AM IST