हिंदी
झूलते बिजली के तार
फर्रूखाबाद: उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद जनपद के कमालगंज कस्बा स्थित अंबेडकर नगर के निवासी पिछले सात वर्षों से झूलते बिजली के तारों की समस्या से जूझ रहे हैं। इन लटकते तारों की वजह से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन बिजली विभाग की उदासीनता के कारण समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इन तारों की वजह से दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं, फिर भी प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
खतरे की घंटी बने बिजली के तार
अंबेडकर नगर की गलियों में जगह-जगह बिजली के तार खुले में लटकते हुए दिखाई देते हैं। हल्की सी हवा या बारिश के दौरान इन तारों का आपस में टकराना आम बात है। जिससे चिंगारियाँ निकलती हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह तार जानलेवा साबित हो सकते हैं। खासकर बरसात के मौसम में जब पानी इन तारों के संपर्क में आता है, तब करंट फैलने का खतरा और भी बढ़ जाता है।
तामम शिकायतें, पर समाधान नहीं
स्थानीय निवासियों ने कई बार बिजली विभाग को इसकी शिकायत दर्ज कराई, परंतु अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार विभागीय अधिकारियों के पास गए, लिखित में शिकायतें भी दीं, लेकिन नतीजा शून्य ही रहा। ऐसा लगता है मानो विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
मोहल्ले के निवासी रामप्रकाश ने बताया कि, "हर बार शिकायत करने पर हमें आश्वासन मिल जाता है, लेकिन काम कभी पूरा नहीं होता। यह समस्या पिछले सात सालों से बनी हुई है, और अब तो डर के मारे बच्चे भी बाहर खेलने से कतराते हैं।"
हादसों का बन चुका है कारण
पिछले वर्षों में इन झूलते तारों के कारण कई दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं। कुछ महीनों पहले ही एक मासूम बच्चा इन तारों की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया था। समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जिससे उसकी जान बच सकी। स्थानीय लोगों का मानना है कि अगर जल्द ही इन तारों को ठीक नहीं किया गया, तो बड़ा हादसा होने से कोई नहीं रोक सकता।
प्रशासनिक मौन पर सवाल
बिजली विभाग की अनदेखी और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर मोहल्ले के लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भी इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन केवल वादे ही सुनने को मिले। किसी ने भी ठोस कार्रवाई की पहल नहीं की।
समाधान की माँग
मोहल्ले के निवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इन लटकते तारों को हटाया जाए और सुरक्षित तरीके से नए खंभों पर उन्हें व्यवस्थित किया जाए। साथ ही, पुरानी और जर्जर वायरिंग को भी बदला जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार का हादसा न हो।
Location : Farrukhabad
Published : 8 May 2025, 8:03 PM IST