वेस्ट यूपी में गैंगस्टर उधम सिंह का खौफ : दबिश में कई टीमें, मेरठ से गाजियाबाद तक अलर्ट

वेस्ट यूपी और एनसीआर में गैंगस्टर उधम सिंह की तलाश तेज हो गई है। फर्जी जमानत और आपराधिक मामलों के आरोपों के बाद पुलिस-एसटीएफ की 5 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मेरठ से लेकर गाजियाबाद तक अलर्ट जारी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 15 May 2026, 8:43 PM IST

Meerut : मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद से लेकर पूरे वेस्ट यूपी में डी-50 गैंग का सरगना उधम सिंह फरार है। फर्जी जमानत, धमकी और गैंग ऑपरेशन के गंभीर आरोपों के बाद अब पुलिस और एसटीएफ की पांच टीमें लगातार उसके ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। योगी सरकार की माफिया सूची में शामिल इस कुख्यात गैंगस्टर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित होने के बाद पूरा सिस्टम अलर्ट मोड में आ गया है।

फर्जी जमानत का खेल और नया केस

जांच में 26 मार्च को उन्नाव जेल से जमानत पर रिहा हुए उधम सिंह पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत लेने का गंभीर आरोप है। आरोप है कि आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर कोर्ट में झूठे कागजात पेश किए गए। इस मामले में सरूरपुर थाने में 9 अप्रैल को एफआईआर दर्ज हुई थी। जिसके बाद जांच तेजी से आगे बढ़ी।

मेरठ से एनसीआर तक फैला नेटवर्क का शक

पुलिस जांच में उधम सिंह का नेटवर्क सिर्फ एक जिले तक सीमित नहीं है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़ और गाजियाबाद समेत पूरे वेस्ट यूपी और एनसीआर में उसका दबदबा और डर का माहौल रहा है। कई मामलों में गवाहों के मुंह न खोलने की वजह से वह केसों में बरी भी होता रहा है।

सोशल मीडिया वीडियो से बढ़ी चर्चा

2021 का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसमें तत्कालीन सीओ सरधना पुलिस टीम के साथ उसके गांव पहुंचे थे। इस दौरान उधम सिंह का बेखौफ अंदाज चर्चा में रहा। वीडियो में वह पुलिस के सामने भी टशन दिखाते हुए नजर आता है। जिससे उसके नेटवर्क और प्रभाव को लेकर कई सवाल उठे थे।

50 से ज्यादा केस, गैंगवार से लेकर रंगदारी तक

उधम सिंह पर हत्या, लूट, रंगदारी और डकैती जैसे 50 से अधिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह जेल में रहते हुए भी अपना गैंग ऑपरेट करता रहा। कई कारोबारी मामलों में धमकी और जबरन लोन कराने जैसे आरोप भी उस पर लगे हैं। गैंगवार को लेकर वह पहले भी चर्चाओं में रहा है।

पुलिस और एसटीएफ का संयुक्त ऑपरेशन

पुलिस अफसर के मुताबिक, गैंगस्टर की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगातार यूपी, उत्तराखंड और दिल्ली में दबिश दे रही हैं। साथ ही एसटीएफ भी इस ऑपरेशन में सक्रिय है। पुलिस ने बताया कि उसके करीबियों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना है।

Location :  Meerut

Published :  15 May 2026, 8:42 PM IST