रायबरेली में फिर जली फसल, 5 बीघा गेहूं राख… मुआवजे की मांग तेज

रायबरेली के कोड़रा गांव में गेहूं के खेतों में फिर भीषण आग लग गई, जिससे करीब 5 बीघा फसल जलकर राख हो गई। किसानों को भारी नुकसान हुआ है और मुआवजे की मांग उठने लगी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 April 2026, 3:54 PM IST

Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में खेतों में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सरेनी कोतवाली क्षेत्र के कोड़रा गांव में रविवार को एक बार फिर संदिग्ध परिस्थितियों में गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई। इस आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और करीब 5 बीघा फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और किसान गहरे सदमे में हैं।

अचानक उठे धुएं से मचा हड़कंप

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव निवासी सहदेव और बृजलाल अपनी दुकान पर बैठे हुए थे, तभी अचानक खेतों की दिशा से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। पहले तो किसी को समझ नहीं आया, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। देखते ही देखते गांव के लोग बाल्टियां और पानी लेकर आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े।

तेज हवा ने बढ़ाई तबाही

आग बुझाने की कोशिशें जारी थीं। तेज हवा ने हालात को और भी खराब कर दिया। हवा के कारण आग तेजी से एक खेत से दूसरे खेत में फैलती चली गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत की। आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही समय में कई किसानों की मेहनत जलकर राख हो गई।

रायबरेली में दर्दनाक सड़क हादसा: युवक की मौके पर मौत, बुजुर्ग सहित तीन घायल

दमकल पहुंचने से पहले जल चुकी थी फसल

घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग और डायल 112 को दी गई। हालांकि, जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, तब तक काफी देर हो चुकी थी। लगभग 5 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जल चुकी थी। इस आग में बृजलाल, कालीचरण, धर्मेंद्र कुमार, महेंद्र कुमार, अरुण कुमार, जितेंद्र कुमार और सुंदर समेत कई किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।

किसानों को भारी नुकसान, मुआवजे की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Location :  Raebareli

Published :  13 April 2026, 3:54 PM IST