Crime News: कौशाम्बी ग्राम प्रधान की प्रताड़ना से की आत्महत्या, एसपी की सख्ती से मचा हड़कंप

ग्राम प्रधान की प्रताड़ना से दुखी होकर आत्महत्या किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट

Post Published By: Jaya Pandey
Updated : 8 June 2025, 5:57 PM IST

कौशाम्बी: जिले के लोहंदा गांव में ग्राम प्रधान की प्रताड़ना से दुखी होकर रामबाबू तिवारी द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कई बड़ी कार्रवाई की है। फरार चल रहे आरोपी ग्राम प्रधान भूपनारायण पाल पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश कुमार ने ₹25,000 का इनाम घोषित कर दिया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक एसपी राजेश कुमार की सख्ती के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सैनी थाने के इंस्पेक्टर बृजेश कुमार करवरिया को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही, पथरावा चौकी के प्रभारी आलोक रॉय को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा, इस प्रकरण की विवेचना कर रहे विवेचक कृष्ण स्वरूप को भी निलंबित कर दिया गया है।

मुकदमे को किया स्थानांतरित

प्रशासन की ओर से यह संदेश साफ दिया गया है कि लापरवाही और अपराध के मामलों में अब कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए एसपी ने मुकदमे को स्थानांतरित कर दिया है और स्वतंत्र जांच के आदेश दिए हैं।

निष्पक्ष जांच की उम्मीद

सैनी थाने का चार्ज अब कुंभ सेल के प्रभारी संतोष कुमार शर्मा को सौंपा गया है। उम्मीद की जा रही है कि उनकी निगरानी में मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जाएगी।

इलाके में आक्रोश का माहौल

लोहंदा गांव में रामबाबू तिवारी की मौत के बाद से ही इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान भूपनारायण पाल द्वारा लगातार की जा रही मानसिक प्रताड़ना से त्रस्त होकर रामबाबू ने आत्मघाती कदम उठाया। ग्रामीणों ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

न्याय की उम्मीदें तेज

एसपी राजेश कुमार की ओर से किए गए इन ताबड़तोड़ निर्णयों के बाद आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और न्याय की उम्मीदें तेज हो गई हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आरोपी ग्राम प्रधान की गिरफ्तारी कब तक होती है और पीड़ित परिवार को कब न्याय मिलता है। प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही के इन कदमों ने जिले में साफ संकेत दे दिया है कि अपराध और लापरवाही किसी भी स्तर पर अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Location :  Kaushambi

Published :  8 June 2025, 5:57 PM IST