
कांग्रेस का प्रर्दशन
Gorakhpur: गोरखपुर से वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर अहिल्या बाई होलकर सहित ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की मूर्तियों के ध्वस्तीकरण को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी गोरखपुर एवं महानगर कांग्रेस कमेटी गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी एवं महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद ने किया।
कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को भारतीय इतिहास, संस्कृति और नारी सम्मान पर सीधा हमला बताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार पर महापुरुषों के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि अहिल्या बाई होलकर जैसी महान महिला शासक और समाज सुधारक की प्रतिमा का ध्वस्तीकरण केवल एक मूर्ति को तोड़ना नहीं, बल्कि देश की गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को मिटाने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में लगातार ऐतिहासिक प्रतीकों और महापुरुषों के सम्मान को ठेस पहुंचाई जा रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।
महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद ने कहा कि मणिकर्णिका घाट जैसे पवित्र और ऐतिहासिक स्थल पर इस प्रकार की घटना अत्यंत निंदनीय है। यह केवल आस्था का अपमान नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को तोड़ने का प्रयास भी है। कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से इस अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल महोदया को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी गोरखपुर के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि मणिकर्णिका घाट पर ध्वस्त की गई मूर्तियों के मामले में उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा सभी मूर्तियों का सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापन सुनिश्चित किया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि इस तरह की घटनाएं देश की सांस्कृतिक एकता और ऐतिहासिक चेतना को कमजोर करती हैं। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाएगी। इस मौके पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के कई पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 19 January 2026, 8:42 PM IST
Topics : Congress Gorakhpur Manikarnika Ghat protest Varanasi