
मिर्जापुर में कांग्रेस का प्रदर्शन (IMG: Dynamite News)
Mirzapur: मिर्जापुर में राहुल गांधी का कथित तौर पर पुतला फूंके जाने के विरोध में कांग्रेस ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए पुतला दहन में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। साथ ही छात्र, किसान और मजदूरों के मुद्दों को लेकर भी भाजपा सरकार की आलोचना की। हालांकि, कांग्रेस के इन आरोपों पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
धरना-प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक, जिला उपाध्यक्ष राजदार दुबे समेत अन्य नेताओं ने बारी-बारी से अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि राहुल गांधी का पुतला फूंकने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
कागजों पर बजट खर्च, जमीन पर नल सूखा; मिर्जापुर में ग्राम प्रधान और सचिव पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शिवकुमार पटेल ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद राहुल गांधी का भाजपा के कथित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा पुतला फूंका जाना निंदनीय है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने अपने संबोधन में भाजपा सरकार को छात्र और किसान विरोधी बताते हुए कहा कि राहुल गांधी हमेशा गरीबों, मजदूरों, छात्रों और आम लोगों के मुद्दों को उठाते रहे हैं। उनके अनुसार, राहुल गांधी संवैधानिक तरीके से छात्रों के समर्थन में धरने पर बैठे थे।
कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने धरना-प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी का पुतला फूंकने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता हर चौराहे पर भाजपा के बड़े नेताओं का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
धरना समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन से मांग दोहराई कि राहुल गांधी का पुतला फूंकने की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। कांग्रेस का कहना है कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जानी चाहिए।
Location : Mirzapur
Published : 30 July 2026, 4:21 PM IST