हिंदी
ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन दुकान का लेंटर भरभराकर गिरा (Image: Dynamite News)
Noida News: दादरी में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पुरानी दुकान में चल रहे मरम्मत के काम के दौरान अचानक लेंटर भरभराकर नीचे गिर गया। लेंटर गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। हादसे की सूचना मिलते ही दादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। मलबे में दबे एक मजदूर को बाहर निकालकर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला ग्रेटर नोएडा के दादरी नगर में तहसील के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, यहां एक पुरानी दुकान में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान दुकान का निर्माणाधीन हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। लेंटर गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। मलबे में मजदूरों और अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के चलते तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना दादरी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान एक मजदूर के मलबे में दबे होने की जानकारी मिली। काफी प्रयास के बाद मजदूर को मलबे से बाहर निकाला गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
लेंटर गिरने की इस घटना में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है। हादसे के बाद आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के वक्त दुकान में कितने लोग मौजूद थे और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे।
दादरी नगर में तहसील के पास हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। पुरानी दुकान में मरम्मत के दौरान लेंटर गिरने से सवाल खड़े हो रहे हैं कि निर्माण कार्य में जरूरी सावधानियां बरती जा रही थीं या नहीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : Noida
Published : 4 October 2026, 2:33 PM IST