National Unity Day: सीएम योगी ने सरदार वल्लभभाई पटेल को दी श्रद्धांजलि, कहा- अखंडता के लिए समर्पण जरूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरदार साहब का जीवन हमें 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' का संकल्प पूरा करने की प्रेरणा देता है। राष्ट्र की शक्ति उसकी एकता में शामिल है।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 31 October 2026, 12:26 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के लौह पुरुष और भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की बधाई देते हुए सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया।

'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की प्रेरणा के स्रोत हैं सरदार पटेल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन इस बात का प्रमाण है कि देश की असली ताकत उसकी एकता में छिपी हुई है और यह एकता तभी मजबूत होती है जब हर नागरिक के मन में 'राष्ट्र प्रथम' का भाव हो। उन्होंने कहा कि मां भारती की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले सरदार साहब का व्यक्तित्व हमें हमेशा 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के सपने को सच करने की प्रेरणा देता रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कानपुर दौरा, 500 पुलिसकर्मी तैनात; ड्रोन से रखी गई निगरानी

राष्ट्रीय एकता को बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य

मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सरदार पटेल ने जिस राष्ट्रीय एकात्मता और अखंडता के लिए अपना पूरा जीवन खपा दिया, उसे सुरक्षित और अक्षुण्ण बनाए रखना हम सबका सबसे बड़ा कर्तव्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की एकता को बनाए रखने के लिए नागरिकों में आपसी सद्भाव और राष्ट्र के प्रति समर्पण का होना बेहद अनिवार्य है।

उत्तर प्रदेश की राजनीतिक और सामाजिक स्थिति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले राज्य में परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति ने समाज को विभाजित करने का काम किया था। इससे राष्ट्रीय एकता की भावना कमजोर हुई और सामाजिक समरसता को गहरी ठेस पहुंची थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में काम कर रही डबल इंजन सरकार ने इस पुरानी व्यवस्था को पूरी तरह से बदला है। सरकार ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' और 'राष्ट्र प्रथम' के मंत्र को अपने सुशासन का मुख्य आधार बनाया है। इसी के जरिए समाज में समरसता को मजबूत किया गया है और सरदार पटेल की अमूल्य विरासत को 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प के साथ जोड़ा गया है।

DN Exclusive: योगी आदित्यनाथ की नहीं अखिलेश यादव की देन है नोएडा अथॉरिटी की नई बिल्डिंग, सपा सरकार में रखी गई थी नींव

'रन फॉर यूनिटी' के जरिए एकता का संदेश

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली 'रन फॉर यूनिटी' (एकता दौड़) का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने नागरिकों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सरदार पटेल के विचारों को जन-जन की चेतना और आचरण में उतारने का एक बड़ा अवसर है। हमारा हर एक कदम देश की अखंडता के प्रति निष्ठा और 'राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम' के अटल संकल्प का प्रतीक बनना चाहिए।

Location :  Lucknow

Published :  31 October 2026, 12:26 PM IST