
अधिवक्ता कुलदीप कुमार (Img : Dynamite News)
मुजफ्फरनगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता कुलदीप कुमार को पत्र लिखकर अधिवक्ता समाज की भूमिका की सराहना की है। सीएम ने अधिवक्ताओं को न्यायपालिका और आम नागरिकों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि अधिवक्ता समाज संविधान की रक्षा, नागरिक अधिकारों की सुरक्षा और समाज में विधि के शासन को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
मुजफ्फरनगर की FTC-3 में मुकदमों की प्रभावी पैरवी करते हुए कुलदीप कुमार ने करीब 23 आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। एफटीसी थर्ड के तत्कालीन न्यायाधीश रवि कुमार दिवाकर द्वारा लगभग 11 मामलों में 23 दोषियों को फांसी की सजा सुनाई गई। इन मामलों में अभियोजन पक्ष की ओर से कुलदीप कुमार ने न्यायालय में प्रभावी पैरवी की। इसी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता कुलदीप कुमार की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र भेजा है। मुख्यमंत्री की ओर से मिले प्रशस्ति पत्र को लेकर अधिवक्ता समाज में खुशी की लहर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पत्र में अधिवक्ता कुलदीप कुमार को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुख-समृद्धि की कामना की। पत्र में उन्होंने कहा कि अधिवक्ता अपने ज्ञान, तर्क और व्यावसायिक निष्ठा के माध्यम से लोगों को न्याय का मार्ग दिखाते हैं तथा न्याय व्यवस्था के प्रति जनविश्वास को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने पत्र में वर्ष 2017 से पूर्व अधिवक्ता समुदाय के सामने असुरक्षा के वातावरण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने कानून के राज को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। इसके साथ ही अधिवक्ता कल्याण निधि को 1.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 5.00 लाख रुपये किए जाने, सहायता की अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष किए जाने तथा अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता कुलदीप कुमार सीएम योगी द्वारा भेजा गया प्रशस्ति पत्र दिखाते हुए
पत्र में नए न्यायालय भवनों, अधिवक्ता चैंबरों और मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के लगातार विस्तार की जानकारी भी दी गई।
मुख्यमंत्री ने अधिवक्ता समाज को प्रदेश का प्रभावशाली वर्ग बताते हुए सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता कुलदीप कुमार ने कहा कि उनके विचार और तर्क समाज पर व्यापक प्रभाव डालते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अधिवक्ता संविधान और कानून के रक्षक के रूप में अपनी सक्रिय भागीदारी से विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत करेंगे।
Location : Muzaffarnagar
Published : 26 November 2026, 12:57 PM IST