
एसपी के रीडर परितोष दीक्षित का निधन
Raebareli: चित्रकूट जनपद में पुलिस अधीक्षक के रीडर पद पर तैनात परितोष दीक्षित का सोमवार सुबह निधन हो गया। वे बीते दो महीनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार तड़के लगभग 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर से न सिर्फ उनके परिजन, बल्कि गांव और पुलिस विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई।
58 वर्ष में हुई मौत
परितोष दीक्षित रायबरेली जनपद के थाना क्षेत्र ऊंचाहार अंतर्गत हैबतपुर कला गांव के रहने वाले थे। उनकी उम्र लगभग 58 वर्ष थी और वह पुलिस विभाग में एक अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और सम्मानित कर्मचारी के रूप में जाने जाते थे। वर्तमान में वे चित्रकूट जनपद में एसपी के रीडर पद पर कार्यरत थे।
अंतिम संस्कार में शामिल हुए ये लोग
परितोष दीक्षित के निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार, पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित हुए। अंतिम संस्कार सोमवार को रायबरेली के रालपुर श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। उन्हें पुलिस विभाग की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। यह सम्मान रविंद्र नाथ मिश्र और उनकी टीम द्वारा प्रदान किया गया।
बड़े पुत्र ने दी चिता को मुखाग्नि
चिता को मुखाग्नि परितोष दीक्षित के बड़े पुत्र अंकित दीक्षित ने दी। इस भावुक क्षण पर परिजन और ग्रामीणों की आंखें नम थीं। अंतिम संस्कार में परिवार के अन्य सदस्य जैसे जयशंकर दीक्षित, नीरज दीक्षित, पंकज दीक्षित, मयंक दीक्षित, अतुल कुमार, पुतुल कुमार, पप्पू तिवारी और मुकेश तिवारी समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों और सहयोगियों ने उन्हें एक मिलनसार, ईमानदार और कर्मठ अधिकारी बताया। गांव के बुजुर्गों ने कहा कि परितोष दीक्षित ने हमेशा लोगों की मदद की और समाज में एक अच्छा उदाहरण पेश किया। उनकी विदाई न सिर्फ परिवार के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
पुलिस विभाग में भी गहरा शोक
पुलिस विभाग में भी उनके निधन को लेकर गहरा शोक व्यक्त किया गया है। अधिकारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई। इस दुखद घटना से पूरा क्षेत्र गमगीन है। हर कोई यही कह रहा है कि परितोष दीक्षित जैसे अधिकारी विरले ही होते हैं।
Location : Raebareli
Published : 22 July 2025, 12:32 PM IST