
प्रतीकात्मक फोटो (Image: Social Media)
Bulandshahr News: बुलंदशहर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी पर ही अपने पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने अपने देवर के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया और हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे राज से पर्दा उठा दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके देवर को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला बुलंदशहर कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव खेतलपुर भसोली का है। 31 अगस्त को सुमित की संदिग्ध हालत में मौत हुई थी। सुमित की शादी करीब तीन साल पहले काजल से हुई थी। दोनों का एक दो साल का बच्चा भी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि शादी के बाद काजल के अपने देवर उमेश के साथ कथित अवैध संबंध बन गए थे। आरोप है कि काजल और उमेश के रिश्ते के बीच सुमित बाधा बन रहा था। इसके अलावा दोनों की नजर सुमित की संपत्ति पर भी थी।
पुलिस के मुताबिक, काजल और उमेश ने सुमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि दोनों ने मिलकर सुमित की हत्या कर दी और शव को फांसी के फंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।
वारदात के बाद आरोपी पत्नी और देवर ने पुलिस को सूचना दी कि सुमित ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि सुमित की मौत आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या थी। इसके बाद पुलिस ने काजल और उमेश से सख्ती से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी काजल और देवर उमेश को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग रिश्तों के इस खौफनाक अंत से हैरान हैं।
Location : Bulandshahar
Published : 2 September 2026, 5:10 PM IST