
बेटे की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल हुआ
Muzaffarpur: घर के पीछे खेल रहा नौ साल का मासूम कुछ ही देर में गायब हो गया और थोड़ी देर बाद उसका शव बोरी में बंधा मिला। बरूराज थाना क्षेत्र के कमालपुर बिथरौल खजुबानी टोला में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे गांव को दहला दिया है। अज्ञात अपराधियों ने बच्चे की हत्या कर शव को घर से करीब 50 मीटर दूर जलावन के पास फेंक दिया।
खेलते-खेलते हुआ गायब
मृतक की पहचान असलम के पुत्र रौशन उर्फ फरमान (9) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी मां जुमन खातून बकरी चराने गई थी और बच्चा घर के पीछे खेल रहा था। दोपहर करीब 12 बजे जब मां वापस लौटी तो उसने एक बकरी का बच्चा बंधा देखा, जिससे उसे शक हुआ। उसने बेटे को ढूंढना शुरू किया, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
बोरी में मिला शव
परिजन थाने में शिकायत दर्ज कराने जाने ही वाले थे कि गांव से सूचना मिली कि बच्चे की हत्या कर शव बोरी में डालकर फेंक दिया गया है। मौके पर पहुंचने पर जलावन के पास बोरी में बंधा शव बरामद हुआ। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में सनसनी फैल गई।
पहले भी जल चुका है घर
गौरतलब है कि 30 मार्च 2025 को मृतक के घर में आग लग गई थी, जिसमें झोपड़ीनुमा मकान समेत लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई थी। अब इस नई घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुचित्रा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर जानकारी ली। डीएसपी के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। एफएसएल टीम साक्ष्य जुटा रही है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
Location : Muzaffarpur
Published : 22 February 2026, 8:31 PM IST