SSC GD परीक्षा में अव्यवस्था: 250 सीटों पर बुलाए 500 अभ्यर्थी, केंद्र के बाहर फूटा छात्रों का गुस्सा हुआ हंगामा

गोरखपुर में एसएससी जीडी परीक्षा के दौरान सोमवार को ड्यूज डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बड़ी अव्यवस्था सामने आने के बाद सैकड़ों अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि केंद्र की क्षमता महज 250 अभ्यर्थियों की थी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 26 May 2026, 7:52 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर में एसएससी जीडी परीक्षा के दौरान सोमवार को ड्यूज डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बड़ी अव्यवस्था सामने आने के बाद सैकड़ों अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि केंद्र की क्षमता महज 250 अभ्यर्थियों की थी, लेकिन परीक्षा के लिए करीब 500 छात्रों को बुला लिया गया। परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को गेट पर ही रोक दिया गया और उन्हें परीक्षा में शामिल होने का मौका नहीं मिल सका।

परीक्षा से वंचित अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर ही विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया और कॉलेज प्रबंधन व परीक्षा एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना था कि वे दूर-दराज जिलों और दूसरे राज्यों से लंबा सफर तय कर परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन केंद्र पर पहुंचने के बाद उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इससे उनका समय, पैसा और मेहनत सब बेकार हो गया।

अभ्यर्थी धरने पर बैठे

आक्रोश बढ़ने पर कई अभ्यर्थी धरने पर बैठ गए। इसी दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस ने छात्रों को शांत कराने के साथ हालात पर लगातार नजर बनाए रखी, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ कैंट अरुण कुमार एस, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव तथा नायब तहसीलदार अरविंद नाथ पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और एसएससी अधिकारियों से वार्ता की।

बातचीत के बाद छात्रों को आश्वासन दिया गया कि जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई है, उनके लिए मंगलवार को पुनः परीक्षा आयोजित कराने की कोशिश की जाएगी। हालांकि इस आश्वासन के बावजूद छात्रों में संशय बना हुआ है। उनका कहना है कि उनसे लिखित आवेदन मांगा जा रहा है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया गया कि दोबारा परीक्षा कब और कैसे होगी।

छात्रों का सवाल

छात्रों ने सवाल उठाया कि जब केंद्र पर केवल 250 सीटें थीं, तो उससे दोगुने अभ्यर्थियों को क्यों बुलाया गया। इस अव्यवस्था ने परीक्षा प्रबंधन और व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें प्रशासन और एसएससी के अगले कदम पर टिकी हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 May 2026, 7:52 PM IST