यूपी में फिर एनकाउंटर, कुख्यात को लगी गोली, दरोगा भी घायल; पिस्टल और तमंचे बरामद

पुलिस और लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में एक उपनिरीक्षक (दरोगा) और एक शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए हैं। पुलिस ने मौके से दो बदमाशों को दबोचने में सफलता हासिल की है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 7 June 2026, 7:13 PM IST

Chandauli News:  उत्तर प्रदेश के चन्दौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र से आज तड़के एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस और लुटेरों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक उपनिरीक्षक (दरोगा) और एक शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए हैं। पुलिस ने मौके से दो बदमाशों को दबोचने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने चहनियां बाजार में सक्रिय एक शातिर मोबाइल और नकदी लुटेरे गिरोह का पूरी तरह से पर्दाफाश कर दिया है।

चेकिंग के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग

मिली जानकारी के अनुसार, बलुआ थाना पुलिस आज अलसुबह क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक सटीक सूचना मिली कि कुछ दिन पहले हुई लूट की घटना में शामिल अपराधी किसी नई वारदात को अंजाम देने के इरादे से पल्सर मोटरसाइकिल से गुजरने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घेराबंदी तेज कर दी। कुछ ही देर में पुलिस को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। जब पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो खुद को घिरता देख मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने आपा खो दिया और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में लगी गोली

बदमाशों द्वारा की गई इस अचानक गोलीबारी में बलुआ थाने के दरोगा गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दरोगा को गोली लगते ही पुलिस टीम ने भी अपनी आत्मरक्षा और जवाबी कार्रवाई में अपराधियों पर गोलियां चलाईं। पुलिस की तरफ से हुई जवाबी फायरिंग में एक शातिर बदमाश, जिसकी पहचान अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू के रूप में हुई है, के पैर में गोली लग गई। पैर में गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया। वहीं पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसके दूसरे साथी आकाश कुमार को मौके से ही दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया।

Chandauli Crime News: चलती ट्रेन में युवक की गोली मारकर हत्या

चहनियां बाजार लूटकांड का हुआ खुलास

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए दोनों बदमाश 3 जून को चहनियां बाजार में हुई एक बड़ी लूट की घटना में भी शामिल थे। 3 जून को इन बदमाशों ने चहनियां बाजार में गोविन्द मिश्रा नाम के एक व्यक्ति को रास्ते पर रोका और उनकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर उसका मोबाइल फोन और ₹3200 नकद लूटकर फरार हो गए थे। इस घटना के तुरंत बाद ही पुलिस की कई टीमें अपराधियों की तलाश में जुट गई थी। पुलिस ने घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया था, जिसके बाद आज पुलिस इन आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।

अवैध हथियार और लूटा गया सामान बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जब गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी ली, तो उनके पास भारी मात्रा में अवैध असलहे और लूटा गया सामान बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्टल और उसके कारतूस बरामद किए हैं। 315 बोर का एक तमंचा भी अपराधियों के पास से मिला है। अपराधियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और ₹2500 नकद, बरामद हुए हैं। घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर: UP67AP0524) को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

अपराधियों से कड़ाई से की जा रही पूछताछ

मुठभेड़ में घायल हुए दरोगा और पैर में गोली लगने से घायल हुए बदमाश अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी आकाश कुमार से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लताया जा सके कि इस गिरोह में और कितने सदस्य शामिल हैं और इन्होंने अब तक और कितनी लूट की वारदातों को अंजाम दिया है।

Location :  Chandauli

Published :  7 June 2026, 7:13 PM IST