
मुगलसराय में साइबर गिरोह का बड़ा खुलासा
Chandauli: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश किया है। स्वाट, सर्विलांस, साइबर टीम और मुगलसराय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कॉल सेंटर का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में कॉल सेंटर का मैनेजर भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह जापानी नागरिकों को तकनीकी सहायता (टेक्निकल सपोर्ट) देने के नाम पर झांसे में लेकर साइबर ठगी करता था।
चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य जापानी नंबर प्रदर्शित कर VoIP कॉल के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे। इसके बाद स्क्रीन शेयर और अन्य तकनीकी तरीकों का इस्तेमाल कर पीड़ितों को अपने जाल में फंसाते थे। आरोप है कि टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर जापानी नागरिकों से बड़ी रकम की ठगी की जाती थी।
पुलिस ने बताया कि यह फर्जी कॉल सेंटर मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कैलाशपुरी मोड़ के पास एक मकान में संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके से 19 मॉनिटर, 20 सीपीयू, 3 लैपटॉप, 6 मोबाइल फोन समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा पांच फर्जी आधार कार्ड भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी के दो बैंक खातों में जमा करीब 9 लाख रुपये को फ्रीज कर दिया है। पुलिस अब गिरोह के आर्थिक नेटवर्क और अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, इस साइबर फ्रॉड गिरोह का सरगना अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर ठगी के पूरे नेटवर्क, उससे जुड़े अन्य लोगों और अब तक की गई वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराध के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Location : Chandauli
Published : 1 October 2026, 2:22 AM IST