चंदौली में आधी रात को खूनी तांडव, झोपड़ी में सो रहे युवक पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार

चकिया कोतवाली क्षेत्र के जोगिया कला गांव में शनिवार रात एक खौफनाक वारदात सामने आई। घर के बाहर झोपड़ी में सो रहे 32 वर्षीय युवक बेचई की अज्ञात हमलावर ने कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। सुबह चारपाई पर खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 June 2026, 12:55 PM IST

Chandauli : चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र स्थित जोगिया कला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। रात में घर के बाहर झोपड़ी में सो रहे एक 32 वर्षीय युवक की अज्ञात हमलावर ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। सुबह जब परिजनों की नजर युवक पर पड़ी तो चारों ओर चीख-पुकार मच गई और गांव में सनसनी फैल गई।

रात में सोया, सुबह मिली मौत की खबर

जानकारी के अनुसार, युवक बेचई रात में भोजन करने के बाद घर के बाहर बनी झोपड़ी में चारपाई पर सोने चला गया था। सब कुछ सामान्य था, लेकिन देर रात किसी समय हमलावर ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान युवक को संभलने का भी मौका नहीं मिला।

खून से सना शव देख परिजनों के उड़े होश

अलसुबह जब परिवार के सदस्य उसे जगाने पहुंचे तो चारपाई पर खून से लथपथ शव देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

Chandauli: सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का लेप, मचा हंगामा, सभासदों ने किया ये काम

शरीर पर मिले कई गहरे घाव

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि युवक की गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे। हमले की क्रूरता को देखकर ग्रामीण भी स्तब्ध रह गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें संभावित आरोपियों और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं। इस निर्मम हत्या के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Location :  Chandauli

Published :  6 June 2026, 12:55 PM IST