
रतनपुरवा में नहर टूटी
महराजगंज : पनियरा विकास खंड के ग्राम पंचायत रतनपुरवा के ककरहिया टोले के पास राजवाहा नहर की पटरी टूट जाने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। नहर का तेज बहाव खेतों में घुस गया। जिससे रतनपुरवा और मंसूरगंज ग्राम पंचायतों के करीब 100 एकड़ क्षेत्र में लगी धान की फसल जलमग्न हो गई। इस घटना से किसानों के सामने भारी आर्थिक नुकसान का खतरा खड़ा हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहर की पटरी टूटते ही तेज रफ्तार से पानी खेतों की ओर बढ़ा और देखते ही देखते धान की नई रोपाई पानी में डूब गई। कई किसानों ने बताया कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो पूरी फसल बर्बाद हो सकती है।
किसान विजय कुमार सिंह ने बताया कि उनकी लगभग पांच बीघा धान की फसल पानी में डूब गई है। वहीं बेचन राम, बच्चन, संजय सिंह सहित दर्जनों किसानों के खेत भी जलमग्न हो गए हैं। किसानों ने बताया कि पूरी मेहनत और लागत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। उन्होंने प्रशासन और सिंचाई विभाग से तत्काल राहत, क्षति का सर्वे कर मुआवजा देने तथा नहर की शीघ्र मरम्मत की मांग की है।
महराजगंज में स्कूल वाहनों पर एआरटीओ का शिकंजा, आखिर क्या है ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान?
घटना की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग के अवर अभियंता देव कुशवाहा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि किसी किसान ने खेत से पानी निकालने के मकसद से नहर की पटरी काट दी थी। इसके बाद तेज बहाव के कारण कटाव बढ़ता गया और आखिरकार पटरी पूरी तरह टूट गई।
उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य के लिए जेसीबी मशीन मौके पर बुलाई गई थी, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नहर के पानी को कई स्थानों पर माइनर नहरों की ओर मोड़ा गया है। जिससे प्रभावित क्षेत्र में पानी का दबाव कम किया जा सके।
सिंचाई विभाग का कहना है कि विभागीय टीम लगातार मौके पर मौजूद है और युद्धस्तर पर पटरी की मरम्मत कर नहर को सुरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं प्रभावित किसान प्रशासन से जल्द राहत और नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
Location : Maharajganj
Published : 10 July 2026, 12:45 AM IST