ग्रेटर नोएडा के छात्रों पर विदेशी पिस्तौल से बरसाई गोलियां, जब पुलिस का चला डंडा तो थर-थर कांपे बदमाश

ग्रेटर नोएडा में कॉलेज के बाहर छात्रों पर फायरिंग से लेकर लूट की वारदात तक, पुलिस की दो कार्रवाइयों में तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। एक आरोपी के पास से ऐसा हथियार मिला है, जिसने पुलिस की जांच को नया मोड़ दिया है। जानिए दोनों मामलों में क्या-क्या बरामद हुआ?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 November 2026, 11:39 AM IST
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी दो घटनाएं सामने आई हैं। नॉलेज पार्क इलाके में कॉलेज के बाहर छात्रों के साथ मारपीट और जान से मारने की नीयत से गोलीबारी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से इटली मेड लिखी अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए हैं। वहीं, ग्रेटर नोएडा में ही पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ के बाद दो लुटेरों को भी गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस अब दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।

कॉलेज के बाहर छात्रों पर किया था हमला

पहला मामला ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके का है। पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर को कॉलेज परिसर के बाहर छात्रों के साथ मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई थी। इस वारदात को प्रशांत ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। आरोप है कि हमलावरों ने छात्रों पर हमला करने के साथ ही उन्हें जान से मारने की नीयत से गोलियां भी चलाई थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान खुफिया जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शनिवार को लॉयड की ओर जाने वाली सड़क से प्रशांत नागर को गिरफ्तार कर लिया।

ग्रेटर नोएडा का नॉलेज पार्क पुलिस स्टेशन (Image: X)

इटली मेड पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद

पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से 'मेड इन इटली' लिखा हुआ एक अवैध पिस्तौल बरामद हुआ। इसके साथ ही .32 बोर के तीन जिंदा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने आरोपी से जुड़ी एक कार को भी जब्त किया है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि प्रशांत नागर के खिलाफ साल 2019 में दनकौर थाने में लूट और चोरी का सामान रखने से संबंधित एक मामला पहले से दर्ज है। पुलिस अब इस गोलीबारी में शामिल उसके अन्य साथियों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। बरामद हथियार और कार को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।

मुठभेड़ में दो लुटेरों के पैरों में लगी गोली

इसी बीच ग्रेटर नोएडा में पुलिस को एक अन्य मामले में भी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान आदित्य उर्फ सनी उर्फ आदि और नसीम अली उर्फ रियाज के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की।

1.50 लाख रुपये और लूटी गई सोने की चेन बरामद

गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पास से पुलिस ने 1.50 लाख रुपये नकद और लूटी गई सोने की चेन का कुछ हिस्सा बरामद किया है। इसके अलावा दो अवैध देसी पिस्तौल, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ के जरिए घटनाओं में शामिल अन्य लोगों और वारदात से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

Location :  Greater Noida

Published :  22 November 2026, 11:39 AM IST