बदायूं में भीषण हादसा: डंपर ने टेंपो को मारी जोरदार टक्कर, 3 की मौत, एक दर्जन से ज्यादा घायल

बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने सवारियों से भरे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 September 2026, 1:55 PM IST

Budaun: जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। उघैती थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर ने सवारी से भरे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।

तीन की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल

हादसे में टेंपो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलते ही उघैती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को टेंपो से बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया।

ये भी पढ़ें- बरेली में भारी बारिश से जलभराव, रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से कई ट्रेनों के बदले रूट और समय, घर से निकलने से पहले चेक करें शेड्यूल

दो सीएचसी में भर्ती हुए घायल

पुलिस ने अधिकतर घायलों को सीएचसी सहसवान पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं कुछ गंभीर घायलों को बिल्सी सीएचसी में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।

ये भी पढ़ें- किसी का पति छिना तो किसी का सिर से उठा पिता का साया, क्रशर प्लांट हादसे का खौफनाक सच आया सामने

खितौरा गांव के पास हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि पूरा हादसा उघैती थाना क्षेत्र के खितौरा गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर बदायूं-बिजनौर हाईवे की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा था और उसने सामने से आ रहे टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

Location :  Budaun

Published :  7 September 2026, 1:55 PM IST