Budaun: बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य की फॉर्च्यूनर कार हादसे का शिकार, MLA समेत 3 गंभीर घायल

बदायूं में सपा विधायक आशुतोष मौर्य की फॉर्च्यूनर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में विधायक, चालक और गनर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आखिर कैसे हुई हाईवे पर यह जोरदार टक्कर? पुलिस जांच में कई अहम पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 August 2026, 1:06 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू रविवार दोपहर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। वजीरगंज थाना क्षेत्र में एम.एफ. हाईवे पर गंगा एक्सप्रेसवे के पास उनकी फॉर्च्यूनर कार की सामने से आ रही एक अर्टिगा कार से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में विधायक के साथ उनका चालक और गनर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

गंगा एक्सप्रेसवे के पास हुई जोरदार भिड़ंत

जानकारी के अनुसार यह हादसा वजीरगंज थाना क्षेत्र में एम.एफ. हाईवे पर गंगा एक्सप्रेसवे के पास बनकोटा गांव के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि विधायक आशुतोष मौर्य अपनी फॉर्च्यूनर से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियां सड़क पर पलटते-पलटते बचीं।

Budaun: बच्चों की किताबें खरीदने निकला था पिता, बाजार पहुंचते ही हो गई अचानक मौत

विधायक, चालक और गनर गंभीर रूप से घायल

हादसे में विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू के कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं कार चला रहे चालक मुकेश और गनर देव सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत गाड़ी से बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

Budaun: ऑपरेशन के खर्च पर ऐसा क्या हुआ कि रामा हॉस्पिटल में मच गया हंगामा?

हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे समर्थक

घटना की सूचना मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।

वजीरगंज थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।

Location :  Budaun

Published :  2 August 2026, 1:06 PM IST