गंगा मैया के जयकारों से गूंजा बदायूं: सावन के अंतिम सोमवार पर जलाभिषेक के लिए उमड़ेगा आस्था का महासैलाब

सावन के अंतिम सोमवार को लेकर बदायूं में कांवड़ यात्रा चरम पर है। कछला गंगाघाट से जल भरकर भक्त गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं। रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 23 August 2026, 8:24 AM IST

Budaun: सावन का पवित्र महीना अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है और बदायूं की सड़कें पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंगी नजर आ रही हैं। शनिवार को भी कछला गंगाघाट से जल भरकर लौट रहे कांवड़ियों का सिलसिला दिनभर जारी रहा।

यद्यपि शनिवार की सुबह अन्य दिनों के मुकाबले थोड़ी शांत रही, लेकिन भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। बोल-बम और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ श्रद्धालु लगातार अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ते जा रहे हैं।

रविवार को उमड़ेगा श्रद्धालुओं का महासैलाब

स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग का अनुमान है कि रविवार का दिन व्यवस्थाओं के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहेगा। सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए स्थानीय और आसपास के जिलों के कांवड़िये रविवार को बड़ी संख्या में कछला घाट पहुंचेंगे।

गुरुवार रात से लेकर अब तक लाखों श्रद्धालु पवित्र गंगाजल उठा चुके हैं। अंतिम सोमवार के महत्व को देखते हुए रविवार दोपहर से कछला घाट और बरेली-मथुरा हाईवे पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की पूरी संभावना है।

कांवड़ यात्रा को लेकर बदायूं में हाई अलर्ट, कछला गंगा घाट पर ड्रोन की निगरानी से चप्पे-चप्पे पर नजर

डीजे की धुन, नृत्य और सेवा का अनूठा संगम

कांवड़ यात्रा का दृश्य अत्यंत मनमोहक है। भक्ति गीतों और डीजे की धुनों पर नाचते-गाते युवा, बुजुर्ग और बच्चे अपनी लंबी और कठिन पैदल यात्रा को हंसते-खेलते पूरा कर रहे हैं।

रास्ते में विभिन्न सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों द्वारा जगह-जगह विशाल भंडारों का आयोजन किया गया है। इन पड़ावों पर कांवड़ियों के विश्राम, भोजन और चिकित्सा की पूरी व्यवस्था है। कई श्रद्धालु अपने स्तर पर भी भोजन बनाकर थोड़ा विश्राम करते हैं और फिर ऊर्जा के साथ अपनी यात्रा पर निकल पड़ते हैं।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, यातायात का बदला मार्ग

भक्तों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए बदायूं पुलिस व प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बरेली-मथुरा मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है और उनके लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं।

बैंक के सामने खड़ी थी बाइक, कुछ ही देर में हो गई गायब! CCTV में कैद हुई बदायूं की चोरी

इसके अलावा, बाइक सवार कांवड़ियों के लिए आने-जाने के अलग लेन बनाए गए हैं, ताकि कहीं भी जाम की स्थिति न बने। पुलिस बल प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात है, ताकि आस्था का यह पर्व पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

Location :  Budaun

Published :  23 August 2026, 8:24 AM IST