Budaun Murder Case: मेले के बहाने घर से ले गए दोस्त, जंगल में मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव

बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र में 38 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर अंकुर यादव का शव जंगल में पड़ा मिला। परिजनों का आरोप है कि दो साथी उसे मेला ककोड़ा घुमाने के बहाने घर से ले गए थे और पैसों के लेनदेन को लेकर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 November 2026, 3:00 PM IST

Budaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पैसों के लेनदेन को लेकर दो साथियों पर अपने ही दोस्त की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप है कि दोनों साथी प्रॉपर्टी डीलर को मेला ककोड़ा घुमाने के बहाने घर से अपने साथ ले गए थे। इसके बाद उसका शव जंगल में पड़ा मिला। मृतक के परिजनों ने दोनों साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।

मेले के बहाने घर से ले गए थे साथी

दरअसल, कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव पसेई का मूल निवासी 38 वर्षीय अंकुर यादव पुत्र सुरजीत सिंह वर्तमान में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बहेड़ी में रहता था। अंकुर यहां रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था।

बताया जा रहा है कि 23 नवंबर को मूसाझाग थाना क्षेत्र के तालगांव निवासी तहजुल इस्लाम और सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के नाहर खां सराय निवासी अफजल का भतीजा अंकुर यादव को मेला ककोड़ा ले जाने के बहाने अपने साथ ले गए थे। बताया जा रहा है कि घर से निकलते समय अंकुर की जेब में करीब 30 हजार रुपये नकद भी थे।

घर में छाया मातम (Image: Dynamite News)

जंगल में पड़ा मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव

24 नवंबर की सुबह कादरचौक थाना क्षेत्र में कादरचौक-मेला ककोड़ा मार्ग पर स्थित ओम नगरिया के जंगल में राहगीरों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। इसके बाद राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।

उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। इसके चलते पुलिस ने शव को पहचान के लिए पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया। किसी तरह घटना की जानकारी अंकुर यादव के परिजनों तक पहुंची। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान अंकुर यादव के रूप में की।

पैसों के लेनदेन में हत्या करने का आरोप

अंकुर यादव की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने उसके दोनों साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों ने अंकुर की पीट-पीटकर हत्या कर दी। उसे मेला घुमाने के बहाने घर से ले जाया गया था।

हालांकि, पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच किस तरह का विवाद था और अंकुर के पास मौजूद 30 हजार रुपये का क्या हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। वहीं, परिजनों के आरोपों पर पुलिस का विस्तृत आधिकारिक बयान भी उपलब्ध नहीं है।

Location :  Budaun

Published :  25 November 2026, 3:00 PM IST