हिंदी
एसपी सिटी अभिषेक सिंह (Image Source: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश में बदायूं के थाना कोतवाली क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात का पुलिस ने महज तीन दिनों में खुलासा कर दिया है। इंद्रापुरम कॉलोनी गली नंबर 02 निवासी मनोज कुमार सक्सैना 13 अप्रैल को अपने परिवार के साथ वृंदावन-मथुरा घूमने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने घर को निशाना बनाया और ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
चोरों ने घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जब पीड़ित परिवार वापस लौटा तो घर का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि सोने-चांदी के सभी आभूषण गायब हैं। इस घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर 14 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे दर्जनों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में तीन संदिग्ध युवक घर में प्रवेश करते हुए और बाद में वहां से निकलते हुए दिखाई दिए। इसी आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान शुरू की। लगातार जांच और सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए पुलिस ने 17 अप्रैल को सिरसा रोड क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहिद पुत्र दिलशाद उर्फ कल्लू (21 वर्ष) निवासी लोची नगला गली नंबर 04, कोतवाली बदायूं और मुशाहिद पुत्र दिलशाद उर्फ कल्लू निवासी लोची नगला, कोतवाली बदायूं के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 612 ग्राम चांदी, 22.5 ग्राम सोने के जेवरात, 7110 रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद किया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 6.5 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस के अनुसार इस वारदात में तीसरा आरोपी फैज पुत्र रफ्फन, निवासी नई सराय, अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
Budaun News: तालाब में शव मिलने से गांव में दहशत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; पढे़ं पूरी खबर
इस पूरी कार्रवाई पर एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली है।
Location : Budaun
Published : 17 April 2026, 4:19 PM IST