एक के बाद एक गिरी आसमानी आफत… बिजली गिरते ही हिल गए घर, फटा ट्रांसफार्मर; पूरे इलाके में मची अफरा-तफरी

बदायूं में मौसम बदलते ही आकाशीय बिजली ने ऐसा कहर बरपाया कि एक घर की दीवारों में दरारें पड़ गईं और ट्रांसफार्मर फटने से पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। तेज धमाकों से लोग घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 August 2026, 5:40 PM IST

Budaun: आज शनिवार दोपहर बाद बदायूं में अचानक बदले मौसम ने लोगों को डरा दिया। तेज गर्जना के साथ हुई आकाशीय बिजली गिरने की कई घटनाओं से शहर में अफरा-तफरी मच गई। एक मकान पर सीधे बिजली गिरने से दीवारों और छत में दरारें आ गईं, जबकि पास में लगा ट्रांसफार्मर फटने से पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

धमाके से कांप उठा पूरा मोहल्ला

घटना शहर के मोहल्ला हुसैनी गली स्थित भारद्वाज टेंट हाउस के पास की है। यहां टेंट व्यवसायी प्रदीप भारद्वाज के मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे घर की छत और दीवारों में कई जगह दरारें पड़ गईं। घर में लगे टीवी, पंखे और अन्य बिजली के उपकरण भी खराब हो गए।

ये भी पढ़ें- Deoria: सड़क पर लापरवाही पड़ेगी भारी; यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस का बड़ा अभियान

प्रदीप भारद्वाज ने बताया कि उस समय परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे। धमाका इतना तेज था कि कुछ पल के लिए सभी सहम गए। उन्होंने बताया कि आसपास के कई घर भी आकाशीय बिजली की चपेट में आए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

ट्रांसफार्मर फटा, बिजली आपूर्ति बंद

इसी दौरान मालवीय गंज पुलिस चौकी के पास लगा बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर फट गया। तेज धमाके और चिंगारियां निकलने से आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

ये भी पढ़ें- पति की मौत के तीन महीने बाद बुजुर्ग महिला ने लगाई फांसी, घर में अकेली रहती थीं; परिवार में मचा कोहराम

प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। खराब ट्रांसफार्मर को बदलने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रभावित घरों के नुकसान का सर्वे कराकर उचित सहायता देने की मांग की है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक जिले में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।

Location :  Budaun

Published :  1 August 2026, 5:40 PM IST