
घटना स्थल पर जुटी भीड़ (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नशे में धुत कार सवार युवकों ने सड़क पर जमकर तांडव मचाया। तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक कई राहगीरों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और हालात बेकाबू हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत उस समय हुई जब कार सवार युवक पहले सिविल लाइंस इलाके में एक मैकेनिक से किसी बात को लेकर उलझ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मैकेनिक के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद युवक कार में बैठकर मौके से भागने लगे, लेकिन इसी दौरान उन्होंने सड़क पर कहर बरपाना शुरू कर दिया।
भागते समय नशे में धुत युवकों ने अनियंत्रित गति से वाहन चलाते हुए कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। सबसे पहले स्कूटी सवार सुंदरम उर्फ लालू को जोरदार टक्कर मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उस समय मौजूद दो बच्चे भी इस हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इसके बाद कार आगे बढ़ी और वाटर वर्क्स की ओर जाते समय रास्ते में युवक रेहान को भी टक्कर मार दी गई, जिससे वह भी घायल हो गया।
Budaun News: कुछ ही मिनटों में राख हो गया पूरा घर… अंदर से आई ऐसी चीख कि कांप उठा गांव
घटना यहीं नहीं रुकी। स्थानीय लोगों द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपियों ने पंडित जी पेट्रोल पंप के पास एक बार फिर लोगों को कुचलने की कोशिश की। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही कार ने वहां मौजूद लोगों में दहशत फैला दी। हालांकि गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई बड़ा जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई लोग चोटिल हो गए।
जब स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई तो गुस्साई भीड़ ने गांधी ग्राउंड चौराहे के पास कार को घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी कार को लॉक कर मौके से फरार हो गए। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने कार में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
Budaun News: अंधड़ से बचने के लिए ली पनाह, ढही इमारत के मलबे में दबकर हुई दर्दनाक मौत
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस और सदर कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार आरोपियों तक पहुंचा जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।
Location : Budaun
Published : 27 May 2026, 12:21 PM IST