Budaun: शादी से लौट रहे परिवार से तमंचे के बल पर नगदी और जेवरात लूटे

यूपी के बदायूं में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामले में शुक्रवार रात को तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर बाइक सवार एक परिवार से नकदी और जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने पीड़ितों से हाथापाई भी की।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 23 May 2026, 2:01 AM IST

Budaun: जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार रात इस्लामनगर-बिसौली रोड पर तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर बाइक सवार एक परिवार से नकदी और जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर पीड़ितों से हाथापाई भी की गई। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। देर रात तक पुलिस अधिकारियों का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।

शादी समारोह से लौटते वक्त हुई वारदात

जानकारी के अनुसार फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के मुड़िया धुरेकी गांव निवासी अमीन अपने बहनोई जाहिद, निवासी जमालपुर, अलीगढ़ और बहन करिश्मा के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शुक्रवार रात तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे जब वे इस्लामनगर थाना क्षेत्र में बिसौली रोड पर कंधरपुर ईंट भट्ठे के पास पहुंचे, तभी दो बाइकों पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

पीड़ित बाइक सवार

तमंचा के बल पर की लूटपाट

पीड़ित अमीन ने बताया कि बदमाशों ने बाइक रोकते ही तमंचा तान दिया और जान से मारने की धमकी देने लगे। दहशत में आए परिवार के पास विरोध का मौका तक नहीं था। बदमाशों ने अमीन की जेब से 50 हजार रुपये नकद निकाल लिए। इसके बाद बहन करिश्मा के कान के कुंडल और पैरों की पायल भी नोच ली। जब पीड़ितों ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। शोर मचाने पर बदमाश धमकाते हुए बिसौली की तरफ भाग निकले।

बदायूं: सट्टा-जुआ माफियाओं पर कार्रवाई की मांग, वाल्मीकि धर्म समाज ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

पुलिस ने शुरू की छानबीन

घटना के बाद पीड़ितों ने डायल 112 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही इस्लामनगर थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ितों से पूरी घटना की जानकारी ली और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। बदमाशों की तलाश में रात में ही बिसौली रोड पर चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।

बदायूं में डंपर चालक का दुस्साहस, एआरटीओ टीम को कुचलने की कोशिश

क्षेत्र में दहशत

रात के समय हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। बिसौली रोड पर पहले भी लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त न होने से बदमाशों के हौसले बढ़े हुए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और बदमाशों के रूट का पता लगाने में जुटी है। देर रात तक इस मामले में किसी वरिष्ठ अधिकारी ने बयान नहीं दिया। पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Budaun

Published :  23 May 2026, 1:56 AM IST