हिंदी
बेरहमी से पीटा—वीडियो वायरल
Maharajganj: महराजगंज जनपद से वन विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जगपुर वीट पकड़ी रेंज स्थित वन चौकी पर एक युवक को पकड़कर बेरहमी से पीटने का आरोप वनकर्मियों पर लगा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे इलाके में आक्रोश और चर्चा का माहौल बन गया है।
घटना 26 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है। पीड़ित युवक की पहचान ईश्वर पुत्र भागवत, निवासी ग्राम जगपुर उर्फ सलामतगढ़ टोला, के रूप में हुई है। पीड़ित के मुताबिक वह सामान्य रूप से जंगल की ओर गया था और वापस लौट रहा था, तभी वनकर्मियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। ईश्वर का कहना है कि उसके पास केवल टगुली (एक छोटा औजार) था और उसने कोई अवैध लकड़ी कटान नहीं किया था, बावजूद इसके उसे जबरन पकड़कर वन चौकी पर ले जाया गया।
महराजगंज के वन चौकी में बर्बरता! युवक को घसीटकर ले गए वनकर्मी, बेरहमी से पीटा-वीडियो वायरल#Maharajganj #Clash @maharajganjpol pic.twitter.com/vKoGsQIYKx
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 26, 2026
पीड़ित ने आरोप लगाया कि वन चौकी पर तैनात कर्मियों ने उसके साथ पहले अभद्र भाषा का प्रयोग किया और फिर बिना किसी ठोस कारण के उसकी जमकर पिटाई की। मारपीट इतनी गंभीर थी कि उसे शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। युवक ने बताया कि वह बार-बार अपनी सफाई देता रहा, लेकिन उसकी एक नहीं सुनी गई।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग एक युवक को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति दोषी भी है तो कानून के दायरे में कार्रवाई होनी चाहिए, न कि इस तरह की अमानवीय मारपीट।
घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और दोषी वनकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। फिलहाल विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
Location : Maharajganj
Published : 26 April 2026, 7:00 PM IST
Topics : beaten Forest Outpost Gaurd Maharajganj News UP News