मेरठ ऑनर किलिंग केस : बहन की हत्या कर भाई बोला- ‘कोई पछतावा नहीं’

मेरठ के लोहियानगर में कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी भाई ने पूछताछ में बहन की हत्या की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उसने परिवार की इज्जत बचाने के लिए यह कदम उठाया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 1 July 2026, 2:51 PM IST

Meerut : घर लौटने के कुछ ही देर बाद एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जांच शुरू हुई तो मामला ऑनर किलिंग का निकला। पुलिस पूछताछ में आरोपी भाई ने कथित तौर पर अपनी बहन की हत्या करने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उसने परिवार की इज्जत बचाने के लिए यह कदम उठाया और उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

प्रेमी के साथ जाने के बाद लौटी, फिर हुई हत्या

पुलिस के मुताबिक मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती रविवार सुबह अपने परिचित युवक के साथ घर से चली गई थी। करीब दो दिन बाद मंगलवार को वह वापस अपने घर लौटी। आरोप है कि घर पहुंचने के कुछ ही समय बाद भाई और बहन के बीच तीखी कहासुनी हुई। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से दुपट्टे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। घटना के वक्त घर में मां समेत अन्य परिजन भी मौजूद थे।

14 की उम्र में पहला आशिक, 15 में शादी, 16 में ससुराल छोड़ा और 17 में दूसरे बॉयफ्रेंड के साथ…मेरठ में ऑनरकिलिंग का गंदा राज

पूछताछ में आरोपी का कथित कबूलनामा

क्षेत्राधिकारी कोतवाली संग्राम सिंह के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह बहन के प्रेम संबंधों से लंबे समय से नाराज था। उसका कहना था कि परिवार की बदनामी हो रही थी, इसलिए उसने यह कदम उठाया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने यह भी कहा कि वह जेल जाने के लिए तैयार है, लेकिन परिवार की आन-बान से समझौता नहीं करेगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह आरोपी का कथित बयान है और इसकी जांच की जा रही है।

पहले भी होता था विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती का दौराला निवासी एक युवक से प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी ने कथित तौर पर कई बार युवक को फोन कर धमकियां दी थीं। इन सभी तथ्यों की अलग-अलग स्तर पर जांच की जा रही है।

छह महीने से मायके में रह रही थी युवती

पुलिस के अनुसार युवती की कम उम्र में शादी हुई थी। करीब छह महीने पहले वह ससुराल छोड़कर मायके आ गई थी और यहीं रह रही थी। परिवार उसे वापस ससुराल भेजना चाहता था। उसने जाने से इनकार कर दिया था। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम और पारिवारिक विवाद की कड़ियों को भी जोड़कर जांच कर रही है।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले हत्या के प्रयास के एक मामले में नामजद रह चुका है। फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक इतिहास, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि विवेचना पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Meerut

Published :  1 July 2026, 2:49 PM IST