बृजमनगंज में हल्की बारिश में खुली विकास कार्यों की पोल, मुख्य मार्ग पर जलभराव

बृजमनगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत धरैचा के टोला सोनपिपरी में नाली निर्माण न होने से मुख्य मार्ग पर जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ जमा हो जाता है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 24 July 2026, 6:58 AM IST

Maharajganj: बृजमनगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत धरैचा के टोला सोनपिपरी में नाली निर्माण न होने से मुख्य मार्ग पर जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती है तथा लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार मुख्य मार्ग पर जलनिकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। बारिश का पानी कई दिनों तक सड़क पर जमा रहता है, जिससे सड़क कीचड़युक्त हो जाती है।

ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ता है। डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को ग्रामवासियों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।

ग्रामीणों में भय और नाराजगी

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन सोनपिपरी की स्थिति इन दावों की वास्तविकता उजागर कर रही है। सड़क पर लंबे समय तक जलभराव रहने से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संचारी रोग फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। इससे ग्रामीणों में भय और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है।

ग्रामीणों ने की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मुख्य मार्ग पर शीघ्र नाली का निर्माण कराकर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव की समस्या समाप्त हो और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

क्या बोले जिम्मेदार

इस संबंध में एडीओ पंचायत गुलाब पाठक ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। मौके की जांच कराई जाएगी और आवश्यक एवं उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।

Location :  Maharajganj

Published :  24 July 2026, 6:55 AM IST