
शादी का फोटो (Image: X)
Azamgarh News: चांदनी रात के दौरान घर में खुशियों का माहौल था। बेटी की पहली विदाई की तैयारी थी। 22 साल की अस्का को पहली बार अपने पति के साथ ससुराल जाना था। परिवार ने हंसी-खुशी उसे विदा किया। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस बेटी को नई जिंदगी शुरू करने के लिए विदा किया जा रहा है, उसकी सुबह मौत की खबर मिलेगी। रात करीब 10 बजे अस्का अपने पति हरिश्चंद्र चौहान के साथ मायके से निकली थी, लेकिन सुबह करीब 10 बजे परिवार के पास फोन पहुंचा कि अस्का अब इस दुनिया में नहीं रही। महज 12 घंटे के भीतर शादी की खुशियां मातम में बदल गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस कहानी की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से हुई थी। आजमगढ़ के सिकरौरा गांव की रहने वाली 22 वर्षीय अस्का की पहचान मऊ के डेराघाट (भिखारीपुर) निवासी हरिश्चंद्र चौहान से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों ने 7 मई 2026 को शादी कर ली। बताया गया कि दोनों को सोशल मीडिया पर वीडियो और रील बनाने का भी शौक था। शादी के बाद अस्का अपने मायके में ही रह रही थी। शुक्रवार को पहली बार उसका पति हरिश्चंद्र उसे विदा कराकर अपने घर ले गया था। परिवार के लिए यह सामान्य विदाई की रस्म थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि इसके बाद ऐसा दर्दनाक घटना सामने आएगा।
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Pinterest)
अस्का के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर परेशान करने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, शादी के दौरान डबल बेड, कूलर, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और आटा चक्की समेत कई घरेलू सामान दिए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से बाइक और 50 हजार रुपये अतिरिक्त मांगने का आरोप है। अस्का के भाई का दावा है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि अस्का के मुंह और नाक से खून निकल रहा था। हालांकि, हत्या और दहेज प्रताड़ना से जुड़े ये आरोप फिलहाल मायके पक्ष की ओर से लगाए गए हैं। इनकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होनी बाकी है।
इस पूरे मामले में शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार सुबह 10 बजे तक का समय सबसे अहम है। रात में अस्का अपने पति के साथ ससुराल पहुंची थी। इसके बाद सुबह परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली। आखिर इन 12 घंटों के दौरान ऐसा क्या हुआ कि नई-नवेली दुल्हन की जान चली गई? क्या दहेज की मांग को लेकर कोई विवाद हुआ था? क्या अस्का के साथ मारपीट की गई या उसकी मौत के पीछे कोई दूसरी वजह थी? फिलहाल इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच में तलाशे जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अस्का के पिता की तहरीर पर पति हरिश्चंद्र चौहान समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी सूचना है। अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि अस्का की मौत किन परिस्थितियों में हुई। जिस घर से शुक्रवार रात बेटी की विदाई हुई थी, वहां शनिवार सुबह उसकी मौत की खबर पहुंचने के बाद से मातम पसरा हुआ है।
Location : Azamgarh
Published : 15 November 2026, 1:26 PM IST