
शव (Img : Google)
Deoria : गोर्रा नदी में मिले एक युवक के शव की पहचान होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कई दिनों से लापता युवक की तलाश में जुटे परिजनों की उम्मीदें उस समय टूट गईं, जब पोस्टमार्टम हाउस में शव का चेहरा देखते ही उसके चाचा बिलख पड़े। पहचान की पुष्टि होते ही परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद गांव और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
गोर्रा नदी में उतराता मिला था शव
मामला देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र के बेलवा दुबौली गांव के पास का है। शुक्रवार रात कुछ ग्रामीण शौच के लिए नदी किनारे गए थे। इसी दौरान उन्होंने गोर्रा नदी में एक शव उतराता देखा। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
स्वास्थ्य विभाग में तैनात था युवक
रविवार को शव की पहचान बस्ती जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलवारी निवासी युवक के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत था और गोरखपुर जिले के ब्रह्मपुर ब्लॉक स्थित नदुआं स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात था। युवक के निधन की खबर मिलते ही उसके गांव में मातम छा गया।
देवरिया स्वास्थ्य विभाग में महाविस्फोट, CHC अधीक्षकों का सामूहिक इस्तीफा; CMO पर प्रताड़ना का आरोप
चार जून से था लापता
परिजनों के मुताबिक युवक चार जून से लापता था। उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था और उससे किसी का संपर्क नहीं हो पा रहा था। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इसी बीच देवरिया में मिले अज्ञात शव की सूचना के बाद परिजन वहां पहुंचे।
चाचा ने की पहचान, फूट-फूटकर रो पड़े
पोस्टमार्टम हाउस में जब शव का चेहरा दिखाया गया तो युवक के चाचा ने उसे पहचान लिया। पहचान होते ही वह भावुक हो गए और विलाप करने लगे। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद अन्य परिजनों की आंखें भी नम हो गईं। परिवार के लोगों का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि युवक सुरक्षित लौट आएगा, लेकिन यह खबर उनके लिए बड़ा सदमा साबित हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी तस्वीर
एकौना थाना प्रभारी अजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।
Location : Deoria
Published : 7 June 2026, 10:50 PM IST