गोरखपुर में मिला नवजात बच्ची का शव, रहस्यमय सामान मिलने पर तरह-तरह की चर्चाएं

गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के पिपरा गंगा गांव में शुक्रवार सुबह एक नवजात बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची का शव गांव के बरी टोला स्थित एक मकान के पीछे शौचालय के सामने लाल रंग के तौलिये में लिपटा हुआ मिला।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 5 June 2026, 5:43 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के पिपरा गंगा गांव में शुक्रवार सुबह एक नवजात बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची का शव गांव के बरी टोला स्थित एक मकान के पीछे शौचालय के सामने लाल रंग के तौलिये में लिपटा हुआ मिला। शव के आसपास कुछ ऐसी सामग्री भी बरामद हुई है, जिसने घटना को और अधिक रहस्यमय बना दिया है। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

जानकारी के अनुसार, गांव की निवासी शीला देवी सुबह करीब 10 बजे घर के पीछे स्थित शौचालय की ओर गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर लाल तौलिये में लिपटी एक नवजात बच्ची पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि बच्ची मृत अवस्था में है। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

रहस्यमय सामान मिलने पर तरह-तरह की चर्चाएं

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव के समीप एक बड़े बच्चे के सिर के बाल, सिंदूर, उड़द की दाल, कंघी तथा अन्य वस्तुएं भी रखी हुई थीं। इन सामानों को देखकर ग्रामीणों में कौतूहल के साथ-साथ भय का माहौल भी बन गया। कई लोग इसे अंधविश्वास या किसी कथित टोटके से जोड़कर चर्चा करने लगे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शव के पास इंसानी बाल मिलने से घटना को लेकर रहस्य और गहरा गया है।

घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने नवजात बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मौके से बरामद सभी वस्तुओं को भी जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है।

पुलिस जुटी जांच में

चार्ज पर रहे इंस्पेक्टर डी.एन. सरोज ने बताया कि पिपरा गंगा गांव में नवजात बच्ची का शव बरामद हुआ है। शव के पास कुछ सामान और इंसानी बाल भी मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों और अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

फिलहाल इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और ग्रामीण पुलिस जांच के निष्कर्षों का इंतजार कर रहे हैं। वहीं नवजात बच्ची की पहचान और शव वहां तक पहुंचने के कारणों का पता लगाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Location :  Gorakhpur

Published :  5 June 2026, 5:34 PM IST