पत्नी के अवैध संबंधों के शक में ससुर-दामाद में खूनी झड़प, जानिए क्या है पूरा मामला?

जालौन में अवैध संबंधों के शक ने एक दंपती के बीच बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है, जिसके चलते दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। डाइनामाइट न्यूज़ पर जानिए क्या है पूरा मामला

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 24 June 2025, 3:12 PM IST
google-preferred

जालौन: यूपी के जालौन जिले के एट कोतवाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। जहां पत्नी के कथित अवैध संबंधों के शक में ससुर और दामाद के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस खूनी झड़प में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे गांव में तनाव का माहौल है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

दरअसल, यह घटना एट कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम धगुवां कलां में बीती रात की है। जानकारी के अनुसार, एट कस्बा निवासी आशिक अपनी ससुराल पहुंचा था। आशिक को लंबे समय से शक था कि उसकी पत्नी के गांव के ही एक युवक के साथ अवैध संबंध हैं। इस बात को लेकर उसका अपनी पत्नी और ससुराल वालों से अक्सर विवाद होता रहता था। बीती रात भी जब आशिक अपनी ससुराल पहुंचा, तो इसी मुद्दे पर उसकी अपने ससुर के साथ तीखी बहस हो गई।

देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हाथ उठाना शुरू कर दिया। गुस्से में आकर ससुर और दामाद ने चाकू और लोहे की रॉड निकाल ली और एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। इस हिंसक झड़प में दोनों को गंभीर चोटें आईं। ससुर और दामाद खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना पर पहुंची पुलिस

स्थानीय लोगों के अनुसार, आशिक और उसकी पत्नी के बीच रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण थे। आशिक का अपनी पत्नी पर शक और ससुराल वालों के साथ लगातार विवाद का कारण बताया जा रहा है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

Location : 
  • Jalaun

Published : 
  • 24 June 2025, 3:12 PM IST