पनियरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में रामनवमी मेले के दौरान दोस्तों के बीच विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे मेला स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

रामनवमी मेले में खून-खराबा (Img: Dynamite News)
Maharajganj: जिले के पनियरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। ग्राम सभा लक्ष्मीपुर के बाकी में चैत्र रामनवमी के अवसर पर लगे मेले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दोस्तों के बीच हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया।
घटना के बाद मेला परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए और मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवददाता के अनुसार, सोनबरसा गांव निवासी अजय यादव अपने कुछ दोस्तों के साथ रामनवमी मेले का आनंद लेने पहुंचा था। मेले में धार्मिक आयोजन के साथ-साथ खानपान और मेल-जोल का माहौल था। लोग जगह-जगह बैठकर खाना बना रहे थे और उत्सव का आनंद ले रहे थे।
बताया जा रहा है कि अजय यादव भी अपने दोस्तों के साथ मेला परिसर में बैठकर मीट बनाकर खा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले मामूली बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान अजय यादव के साथ मौजूद एक युवक ने प्याज काटने के लिए लाए गए चाकू से उस पर हमला कर दिया।
एटीएम में नकली नोट जमा कर रहे दो शातिर गिरफ्तार, गोरखपुर पुलिस का बड़ा खुलासा
चाकू लगते ही अजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना होते ही मेले में चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक और उसके कुछ साथी मौके से फरार हो गए। घायल अजय को तड़पता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पनियरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।