मेरठ IIMT यूनिवर्सिटी में छात्रा की मौत से सनसनी, हॉस्टल के नीचे खून से लथपथ मिली बॉडी

मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में MBA फाइनल ईयर की छात्रा अनु गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव हॉस्टल के नीचे खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस सुसाइड, हादसा और अन्य सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 20 May 2026, 3:27 PM IST

Meerut : मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गर्ल्स हॉस्टल के नीचे एक छात्रा का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव की हालत इतनी भयावह थी कि उसे देखकर हॉस्टल की छात्राएं घबरा गईं। छात्रा का सिर बुरी तरह फट गया था और चेहरा खून से सना हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा हॉस्टल की तीसरी मंजिल से नीचे गिरी थी। घटना के बाद पूरे यूनिवर्सिटी कैंपस में हड़कंप मच गया।

MBA फाइनल ईयर की छात्रा थी अनु गुप्ता

मृतक छात्रा की पहचान सहारनपुर निवासी अनु गुप्ता के रूप में हुई है। वह IIMT यूनिवर्सिटी में MBA फाइनल ईयर की छात्रा थी और गंगानगर स्थित सरोजनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल में रहती थी। बताया जा रहा है कि अनु हॉस्टल के तीसरी मंजिल पर बने कमरा नंबर 67 में रह रही थी।

मेरठ बैठक में वकीलों का बड़ा फैसला, चुनाव से पहले 22 जिलों में… बेंच नहीं तो वोट नहीं

बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे हॉस्टल में काम करने वाली एक मेड ने सबसे पहले जिम के बाहर छात्रा की बॉडी पड़ी देखी। उसने तुरंत अन्य छात्राओं को जानकारी दी। इसके बाद हॉस्टल और यूनिवर्सिटी प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

घटना की जानकारी मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन छात्रा को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।

छात्राओं के मुताबिक अनु ऊपर से नीचे गिरी थी लेकिन यह हादसा था। आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और वजह है, फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है। इसी वजह से पुलिस मामले को बेहद गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।

सुसाइड नोट नहीं मिला, CCTV खंगाल रही पुलिस

एसपी देहात ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि IIMT यूनिवर्सिटी में एक छात्रा की डेडबॉडी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस हॉस्टल के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले छात्रा के साथ क्या हुआ था।

Location :  Meerut

Published :  20 May 2026, 3:23 PM IST